राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे की पुलिस रिमांड, जांच तेज
अयोध्या, 2 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला को लेकर जांच एजेंसियों ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा बुधवार को अविनाश की रिमांड के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की गई थी, जिसमें 48 घंटे की पुलिस हिरासत की मांग की गई थी।
गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया कि जेल में पूछताछ के बाद आरोपी से कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, जिनकी गहराई से जांच जरूरी है। पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी के गांव में उसकी बाइक बरामद करनी है और आगे की पूछताछ के लिए उसकी हिरासत आवश्यक है।
सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस की मांग पर विचार करते हुए आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
इससे पहले, राम मंदिर चढ़ावा मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों को 29 जून को अयोध्या की अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। उस समय पुलिस ने कहा था कि जांच अभी जारी है और कई पहलुओं की जांच बाकी है।
जांच एजेंसियों ने इस मामले में कई बैंकों (एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक सहित) लगभग छह बैंकों को नोटिस जारी कर खातों और लॉकरों की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही ट्रस्ट और अन्य संबंधित लोगों के वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस केस में लगभग 70 से 80 लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है, जिन्हें समय-समय पर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। आरोपियों के मोबाइल फोन भी फॉरेंसिक साइंस लैब भेजे गए हैं, ताकि डिलीट किए गए चैट और डेटा को रिकवर किया जा सके।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले से जुड़ी याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था, जिसमें दान और चढ़ावे के प्रबंधन की कोर्ट निगरानी में जांच की मांग की गई थी।
फिलहाल पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 9:22 PM IST












