राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बोले, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत में कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय है। जब भी ऐसे विवाद उठते हैं, तो रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचती है। रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के बाद भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिमाकत नहीं करेगा।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के पिछले दिनों दिए गए बयान पर चिराग पासवान ने कहा कि जो लोग सवाल उठा रहे हैं, वो रामभक्तों की आस्था को चोट पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इस तरह के मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जिस तत्परता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कराने का स्वीकार किया वो सराहनीय है। ऐसे में रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कोई भी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में जो लोग बार-बार इस मामले में सवाल उठा रहे हैं और लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं, उनकी भूमिका भी तय की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "चुनावी नजरिए से देखें तो पिछले कई महीनों से संगठन का काम चल रहा है लेकिन आज का दिन मेरे लिए खास तौर पर अहम है क्योंकि आज मेरे नेता और पिता रामविलास पासवान की जयंती है। उत्तर प्रदेश हमेशा उनके दिल के करीब रहा और यहां के लोगों की चिंताएं उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहीं। ऐसे में पार्टी का विस्तार उत्तर प्रदेश में भी हो, हम इस सोच के साथ आगे बढ़ने का काम कर रहे हैं। झारखंड और नागालैंड समेत कई राज्यों में पार्टी काम कर रही है। इस क्रम में हम उत्तर प्रदेश में भी पार्टी का विस्तार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
पासी पॉलिटिक्स पर उन्होंने कहा कि दशकों तक पासी समाज से आने वाले लोगों की विरासत को, उनकी सोच को और उनके अस्तित्व को कांग्रेस और सपा जैसे लोगों ने दबाने का काम किया है। आज की तारीख में मैं मेरे नेता रामविलास पासवान की सोच को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर उस वंचित वर्ग की आवाज बनने का प्रयास कर रहा हूं, जिनको दशकों तक दबाया गया। वर्तमान में भी सपा-कांग्रेस के गुंडे पासी समाज से आने वाले लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं। ऐसे में उनकी आवाज मेरी पार्टी बने, इस सोच के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एनडीए के नेताओं के साथ बैठक पर चिराग पासवान ने यूपी चुनाव को लेकर कहा, "उत्तर प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का कोई औपचारिक गठबंधन एनडीए के साथ नहीं है। सब अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। मैं भी कई महीनों से तैयारियों में जुटा हूं, लेकिन चुनाव आते-आते गठबंधन का स्वरूप स्पष्ट हो जाएगा।"
बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की जयंती पर लखनऊ में नवसंकल्प सभा में पधारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नवसंकल्प सभा में 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 5:26 PM IST












