रांची के मोरहाबादी में इस बार 70 फीट ऊंचे रावण के साथ दोमंजिला ‘सोने की लंका’ का होगा दहन
रांची, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। विजयादशमी पर झारखंड की राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान मंगलवार को भव्य दशहरा उत्सव का गवाह बनेगा। यहां 80 फीट ऊंचे रावण,75 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और 70 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार दो मंजिला ‘सोने की लंका’ आकर्षण का केंद्र होगा। इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकाशीय आतिशबाजी और विशेष लेजर शो भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से आयोजित रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और रावण के पुतले का दहन करेंगे। केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ कुंभकर्ण और रांची के विधायक सीपी सिंह मेघनाथ के पुतले का दहन करेंगे। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों ने इस बार उत्सव को खास बनाने के लिए धार्मिक प्रसंगों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की व्यवस्था की है। मैदान में श्रीराम दरबार, भगवान राम की जीवंत मूर्ति और रावण वध की जीवंत झांकी प्रस्तुत की जाएगी। स्थानीय कलाकारों के साथ धनबाद की विक्की छाबड़ा टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेगी। वहीं, टाटा की सन्नी ग्रुप टीम भांगड़ा नृत्य की प्रस्तुति देगी। आतिशबाजी भी उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगी।
आकाशीय आतिशबाजी के लिए कोलकाता से टीम बुलाई गई है, जबकि बिहार के बक्सर की टीम जमीन पर आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा विशेष लेजर शो की व्यवस्था की गई है। विशाल पुतलों, रोशनी, सोने की लंका और आतिशबाजी के बीच मोरहाबादी मैदान में उत्सव का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। पंजाबी हिंदू बिरादरी का यह आयोजन रांची के प्रमुख दशहरा समारोहों में शामिल है।
झारखंड गठन के बाद से इस आयोजन में मुख्यमंत्री के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की परंपरा रही है। इस बार भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 5:23 PM IST












