रूस को मजबूती देने वाले ईंधन भंडारण केंद्र और सैन्य एयर बेस को बनाया न‍िशाना जेलेंस्की

रूस को मजबूती देने वाले ईंधन भंडारण केंद्र और सैन्य एयर बेस को बनाया न‍िशाना जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा क‍िया क‍ि यूक्रेन लगातार रूस पर अपनी लंबी दूरी की क्षमताओं से उन ठ‍िकानों को न‍िशाना बना रहा है, जो युद्ध में रूस को सहारा देते हैं। शन‍िवार रात भी हमने रूस पर हमले क‍िए और ईंधन भंडारण केंद्र को न‍िशाना बनाया।

नई दिल्ली, 2 अगस्‍त (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा क‍िया क‍ि यूक्रेन लगातार रूस पर अपनी लंबी दूरी की क्षमताओं से उन ठ‍िकानों को न‍िशाना बना रहा है, जो युद्ध में रूस को सहारा देते हैं। शन‍िवार रात भी हमने रूस पर हमले क‍िए और ईंधन भंडारण केंद्र को न‍िशाना बनाया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्‍ट कर कहा, ''हम रूस के उन ठिकानों पर अपनी लंबी दूरी की कार्रवाई जारी रखे हुए हैं, जो युद्ध को सहारा देते हैं और इस आक्रमण के लिए धन जुटाते हैं। शन‍िवार रात रूस के सारातोव शहर में ऑयल रिफाइनरी और एंगेल्स सैन्य एयर बेस दो महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह मोर्चे से 600 किलोमीटर से भी ज्‍यादा दूर है।''

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि कलुगा क्षेत्र में ल्यूडिनोव्स्काया ऑयल डिपो के ईंधन भंडारण केंद्र पर हमला किया गया। वहीं ब्रायंस्क क्षेत्र में हमारे सैनिकों ने उस जगह पर भी सटीक हमला किया, जिसका इस्तेमाल हमलावर ड्रोन को रखने, तैयार करने और लॉन्च करने के लिए किया जाता था।

उन्‍होंने कहा क‍ि यूक्रेन की रक्षा सेनाओं के सभी जवानों का धन्यवाद, जो हमारी लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता को लगातार बढ़ा रहे हैं और सटीक नतीजे दे रहे हैं। हम इस युद्ध को वहीं वापस ले जा रहे हैं, जहां से यह शुरू हुआ था।

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि रूस की कई ऐसी कंपनियों पर अभी भी प्रतिबंध नहीं लगाए गए हैं, जो इन हमलों को जारी रखने में मदद कर रही हैं। ये कंपनियां ड्रोन, मिसाइलों और गाइडेड हवाई बमों के लिए जरूरी पुर्जे बनाती हैं। यही वजह है कि आक्रामक पक्ष अपनी बैलिस्टिक हथियार क्षमता बढ़ाने में लगातार निवेश कर रहा है और उत्पादन भी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

उन्‍होंने कहा क‍ि रूस के रक्षा उद्योग के हर हिस्से पर दबाव बनाना जरूरी है। यही दबाव आखिरकार हमारे लोगों पर होने वाले हमलों की संख्या कम करने में मदद करेगा। प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए और उन्हें प्रभावी तरीके से लागू भी किया जाना चाहिए।

जेलेंस्‍की ने बताया क‍ि रव‍िवार को भी रूस ने सुमी पर हवाई बमों से हमला किया गया। ब्रोवरी में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हुए। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

उन्‍होंने बताया क‍ि खार्किव शहर और खार्किव क्षेत्र लगातार हमलों का सामना कर रहे हैं। शन‍िवार रात रूस ने ओडेसा, जापोरिज्जिया और नीप्रो क्षेत्रों पर भी हमला किया। इस हफ्ते 1,500 से ज्‍यादा जगहों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें सैकड़ों आम रिहायशी इमारतें शामिल हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Aug 2026 7:50 PM IST

Tags

Next Story