सम्राट चौधरी के काम से खुश कांग्रेस विधायक, जमकर की सराहना, अपराधियों के एनकाउंटर को ठहराया सही
पटना, 1 मई (आईएएनएस)। बिहार के वाल्मिकी नगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के काम की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। इसके साथ ही, कांग्रेस विधायक ने बिहार में अपराधियों के एनकाउंटर को भी सही ठहराया है।
कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने शुक्रवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सम्राट चौधरी के काम की बात है, वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है, इसमें कोई शक नहीं है।"
इस दौरान, बिहार में अपराधियों के एनकाउंटर पर कांग्रेस विधायक ने कहा, "अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। और जहां भी अपराध होता है, पुलिस प्रशासन उस पर निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई करेगा। एनकाउंटर होंगे, यह बिहार में एक बहुत ही सराहनीय बात है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती, और जहां भी अपराध होता है, पुलिस प्रशासन उनके खिलाफ सख्ती से पेश आएगा, और एनकाउंटर होंगे।"
उन्होंने बिहार में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। विधायक ने कहा, "राज्य में इस बार सम्राट चौधरी की सरकार है। वे अपने तरीके से तय करेंगे कि किसे नियुक्त करना है और क्या फैसले लेने हैं। हम इस बारे में ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।"
वहीं, कांग्रेस विधायक कुशवाहा ने जदयू नेता निशांत कुमार की यात्रा से जुड़े सवाल पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, "निशांत कुमार से पहले, नीतीश कुमार ने भी अपनी कई यात्राएं वाल्मीकि नगर से ही शुरू की थी। अब निशांत कुमार भी वहीं जा रहे हैं और अपनी यात्रा उसी जगह से शुरू करेंगे।"
पश्चिम बंगाल में एग्जिट पोल के अनुमानों पर सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा, "हम चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल नहीं गए थे, इसलिए हमारे पास इसके बारे में पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, 4 मई को सब कुछ सामने आ जाएगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 May 2026 3:07 PM IST












