शिमला छात्रा पर पत्थर से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बढ़ाई गश्त

शिमला छात्रा पर पत्थर से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बढ़ाई गश्त
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शिमला, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 अप्रैल को शिमला के संजौली क्षेत्र के पास एक गांव में हुई, जब छात्रा स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सुनसान जंगल वाले रास्ते में आरोपी ने उसे रोककर उसका सामान छीनने की कोशिश की। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय छात्रा की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे अन्य छात्र मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया।

घायल छात्रा को उसके साथियों ने किसी तरह सड़क तक पहुंचाया, जहां से उसे इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) ले जाया गया। फिलहाल छात्रा की हालत में सुधार बताया जा रहा है और उसे अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान अक्षय ठाकुर (25), निवासी ढली, शिमला के रूप में की है। उसे घटना के दो दिन बाद बुधवार रात को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 64, 78 (स्टॉकिंग), 126(2) (गलत तरीके से रोकना) और 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, पॉक्सो एक्ट की धारा 18 भी लगाई गई है। फिलहाल पीड़िता का विस्तृत बयान अभी दर्ज किया जाना बाकी है।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए स्कूलों के आसपास, पार्किंग स्थलों, सुनसान इलाकों और ऐसे स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है, जहां नशेड़ियों के जुटने की आशंका रहती है।

गौरतलब है कि यह घटना हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक कॉलेज छात्र की हत्या के बाद सामने आई है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 April 2026 7:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story