यूपी हाईस्कूल में 98.53 प्रतिशत परिणाम, 68 में से 67 बंदी परीक्षार्थी हुए सफल
लखनऊ, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। जेलों की पारंपरिक छवि को बदलते हुए उन्हें शिक्षा और पुनर्वास के प्रभावी केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है। वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में निरुद्ध बंदी परीक्षार्थियों के शानदार परिणाम इस परिवर्तन का प्रत्यक्ष प्रमाण बनकर सामने आए हैं।
हाईस्कूल परीक्षा में 68 बंदी परीक्षार्थियों में से 67 के सफल होने के साथ 98.53 प्रतिशत परिणाम दर्ज हुआ है, जबकि इंटरमीडिएट में 135 में से 114 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल कर 84.44 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है। यह उपलब्धि स्पष्ट करती है कि योगी सरकार द्वारा शिक्षा को सुधारात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बनाकर बंदियों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में किए गए प्रयास जमीन पर प्रभावी रूप से सफल हुए हैं।
हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश के 23 जनपदों में बंदी परीक्षार्थियों का शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। इन जनपदों में आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, इटावा, अयोध्या और जौनपुर शामिल हैं।
वहीं इंटरमीडिएट में 14 जनपदों मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, रामपुर, उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर, इटावा, हमीरपुर, जौनपुर और भदोही में सभी बंदी परीक्षार्थी सफल रहे, जो जेलों में शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन और सुधारात्मक प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।
सरकार ने जेलों को केवल दंड स्थल की सीमाओं से बाहर निकालकर उन्हें सुधार, शिक्षा और पुनर्वास के संगठित केंद्र के रूप में विकसित किया है। सुनियोजित रणनीति के अन्तर्गत बंदियों को शिक्षा से जोड़ना, उन्हें बोर्ड परीक्षाओं में शामिल कराना और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना सुनिश्चित किया गया है। यह मॉडल बंदियों के व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है और उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की ठोस आधारशिला भी तैयार कर रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 7:11 PM IST












