शिरोमणि अकाली दल में नया संगठनात्मक बदलाव, हरकेश सिंह मोहरी बने हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष
चंडीगढ़, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी की हरियाणा इकाई को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट करते हुए घोषणा की कि हरकेश सिंह मोहरी को शिरोमणि अकाली दल का हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उन्होंने लिखा, "यह बताते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि हरकेश सिंह मोहरी को शिरोमणि अकाली दल का हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी की हरियाणा इकाई के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद, हरियाणा प्रदेश के पर्यवेक्षक बलविंदर सिंह भुंडर ने इस नाम की अनुशंसा की थी।"
उन्होंने हरकेश सिंह मोहरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे पार्टी के एक कर्मठ और समर्पित सिपाही हैं। सुखबीर बादल को पूर्ण विश्वास है कि मोहरी अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन के साथ करेंगे तथा हरियाणा में शिरोमणि अकाली दल को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब शिरोमणि अकाली दल पंजाब के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी अपनी संगठनात्मक उपस्थिति मजबूत करने पर जोर दे रहा है। हरियाणा में सिख समुदाय और पंजाबी वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए पार्टी लंबे समय से संगठनात्मक फेरबदल की तैयारी कर रही थी। प्रदेश अध्यक्ष पद पिछले कुछ समय से खाली पड़ा था, जिसे अब भर दिया गया है।
हरकेश सिंह मोहरी पार्टी में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं और हरियाणा की राजनीति में सिख समुदाय के बीच अच्छी पहचान रखते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह फैसला हरियाणा इकाई के स्थानीय नेताओं से चर्चा के बाद लिया गया है, ताकि आगामी चुनावों और संगठनात्मक विस्तार में नई ऊर्जा का संचार हो सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 April 2026 6:38 PM IST












