शिवराज चौहान श्रीनगर में करेंगे पीएम ग्राम सड़क योजना-4 की शुरुआत, 330 नई सड़कों से 1,600 किमी नेटवर्क का होगा विस्तार
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को श्रीनगर के एसकेआईसीसी में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4, बैच-2 की शुरुआत करेंगे।
इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि विकास के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
साल 2000 से अब तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जम्मू-कश्मीर में 3,328 सड़कों का निर्माण हुआ है, जिससे कुल 19,851 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क बना है, साथ ही 257 पुल भी बनाए गए हैं। अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4, बैच-2 के तहत 330 नई सड़कों का निर्माण होगा, जो लगभग 1,600 किलोमीटर लंबी होंगी। इस परियोजना की लागत 3,550 करोड़ रुपए है और इससे 363 गांवों को फायदा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीन पर काम करने पर जोर दे रही है। कोशिश है कि सड़कों और सुविधाओं को सबसे दूर-दराज के गांवों तक पहुंचाया जाए।
यह कार्यक्रम 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4, बैच-2 की मंजूरी का पत्र भी सौंपेंगे। इसके अलावा दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत भी स्वीकृतियां जारी की जाएंगी, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम होगा।
जम्मू-कश्मीर में इस समय लगभग 96,000 स्वयं सहायता समूह, 7,500 गांव संगठन और 650 क्लस्टर स्तर के संघ सक्रिय हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं। कौशल विकास, रोजगार और महिला नेतृत्व के जरिए गांवों में आत्मविश्वास और आय बढ़ाने का माहौल तैयार हो रहा है।
कृषि क्षेत्र में भी किसानों को कई योजनाओं जैसे पीएम-किसान, फसल बीमा योजना, कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, बागवानी मिशन, किसान उत्पादक संगठन, ई-नाम और माइक्रो सिंचाई योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कुल मिलाकर शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा किसानों, ग्रामीण परिवारों और महिलाओं के लिए भरोसा, भागीदारी और विकास का संदेश लेकर आया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 7:11 PM IST












