चुनाव में सुवेंदु अधिकारी एक बार फिर ममता बनर्जी को हराएंगे समिक भट्टाचार्य
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी इस बार भी विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को हराएंगे।
चुनाव आयोग की ओर से पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव दो चरण में कराए जाने की घोषणा के बाद भाजपा ने बंगाल चुनाव को लेकर 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट के अनुसार, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी दो सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा से सुवेंदु अधिकारी के चुनाव लड़ने पर पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि वे दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे, इसमें किसी को कोई शक नहीं है।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में, सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था और टीएमसी ने आरोप लगाया था कि उन्होंने धांधली के जरिए जीत हासिल की थी। इस बार भी सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी को हराएंगे।
सीएम ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा कि जब से पीएम मोदी की रैली कोलकाता में हुई है और जो अपार जनसमर्थन भाजपा को मिला है, इससे एक चीज तो तय है कि बंगाल से ममता बनर्जी की विदाई तय है।
दूसरी ओर, ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। सीएम ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा सीट से भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी। हाल ही में टीएमसी में शामिल हुए पबित्र कर को नंदीग्राम से टिकट दिया गया है, जहां उनका मुकाबला सुवेंदु अधिकारी से होगा।
सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया है कि हम भवानीपुर से सबसे ज्यादा वोटों से जीतने जा रहे हैं। हमारा ध्यान सभी 294 सीटों पर है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 6:56 PM IST












