तेजस्वी ने बिहार सरकार को दी समस्या को चिह्नित कर समाधान करने की नसीहत

तेजस्वी ने बिहार सरकार को दी समस्या को चिह्नित कर समाधान करने की नसीहत
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को एक बार फिर एनडीए सरकार को निशाने पर लिया है।

पटना, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को एक बार फिर एनडीए सरकार को निशाने पर लिया है।

उन्होंने अपराध, गरीबी, पलायन और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का हवाला देते हुए सरकार को नसीहत दी है कि जब तक आप समस्या को चिह्नित कर उसका समाधान नहीं करेंगे, तब तक अपनी असफलता छुपाने के लिए हर बार ऐसे ही चुनावों में चुनाव आयोग जैसी संस्था, भ्रष्ट अधिकारियों की चौकड़ी, सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करना पड़ेगा।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि देश में सबसे अधिक अपराध, गरीबी, पलायन, भ्रष्टाचार और सबसे अधिक बेरोजगारी बिहार में है। हिंसक अपराध और अपहरण में बिहार अव्वल है। दूसरी ओर, देश में सबसे कम साक्षरता दर, प्रति व्यक्ति आय, किसानों की आय, प्रति व्यक्ति निवेश बिहार में है।

उन्होंने आगे कहा कि यही नहीं, देश में सबसे अधिक डॉक्टरों के पद बिहार में रिक्त हैं। लगभग 58 प्रतिशत पद रिक्त हैं और देश में सबसे अधिक झोपड़ी में रहने वाले लोग बिहार के हैं। बिहार की 14 प्रतिशत आबादी झोपड़ी में रहती है।

राजद के नेता तेजस्वी यादव ने आगे लिखा है, "गंभीरता से इस पर मनन करो और बताओ 21 वर्षों के एनडीए शासन के बाद भी बिहार विकास के इन सभी संकेतकों में राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम क्यों है?"

उन्होंने कहा कि 21 वर्षों की एनडीए सरकार और 12 वर्षों की डबल इंजन सरकार के कर कमलों से विगत दो दशकों से शिक्षा-रोजगार-आय, औद्योगिक विकास-उत्पादन और निवेश तथा स्वास्थ्य सेवा-सुविधा और पोषण से लेकर अधिकांश सामाजिक, मानवीय और आर्थिक संकेतकों में बिहार सबसे निचले पायदानों पर है।

बता दें कि तेजस्वी यादव रविवार को झारखंड की यात्रा पर हैं। झारखंड जाने से पहले उन्होंने बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि शराबबंदी की हालत सबके सामने है, सरकार के लोग ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 April 2026 11:53 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story