थलसेना प्रमुख ने दी सूबेदार संदीप कुमार, अग्निवीर मनीष और गनर अजय जैसवाल को श्रद्धांजलि

थलसेना प्रमुख ने दी सूबेदार संदीप कुमार, अग्निवीर मनीष और गनर अजय जैसवाल को श्रद्धांजलि
भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने वीर योद्धा सूबेदार संदीप कुमार ढाका, नायक (गनर) अजय जैसवाल व अग्निवीर मनीष कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सेना के तीनों जवानों ने जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने वीर योद्धा सूबेदार संदीप कुमार ढाका, नायक (गनर) अजय जैसवाल व अग्निवीर मनीष कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सेना के तीनों जवानों ने जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

सेना ने रविवार को आधिकारिक संदेश में कहा कि भारतीय सेना के समस्त पद, वीरयोद्धा सूबेदार संदीप कुमार ढाका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। सूबेदार संदीप कुमार ढाका ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। यहां सेना ने एक आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान मुठभेड़ में पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। भारतीय सेना ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।

वहीं, नायक अजय जैसवाल जम्मू-कश्मीर में एक परिचालन प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए।

अग्निवीर मनीष कुमार कारगिल में तैनात थे। कारगिल क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए भारतीय सेना के अग्निवीर मनीष कुमार ने 13 मार्च को सर्वोच्च बलिदान दिया है। कारगिल आर्मी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया था। 21 वर्षीय मनीष कुमार महार रेजिमेंट में तैनात थे। जवानों की राष्ट्रभक्ति व कर्तव्यनिष्ठा को सेना ने नमन किया है।

भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और सैनिकों ने शहीद सूबेदार संदीप कुमार ढाका, अजय जैसवाल और मनीष कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। स्वयं भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रविवार को जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को भारतीय सेना सदैव याद रखेगी। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, अग्निवीर मनीष कुमार ने बेहद कठिन मौसम व जटिल परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण की सर्वोच्च मिसाल पेश की है।

गौरतलब है कि कारगिल का इलाका सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां तैनात सैनिक कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बीच देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में ही ड्यूटी निभाते हुए मनीष कुमार ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उत्तरी सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली फायर एंड फ्यूरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और सभी अधिकारियों तथा सैनिकों ने भी शहीद अग्निवीर को श्रद्धांजलि दी।

मनीष कुमार का बलिदान भारतीय सेना की उस गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जिसमें सैनिक राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। शहीदों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सेना ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा सैन्य परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है। सेना ने यह भी आश्वासन दिया कि शहीदों के परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 4:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story