केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 14 जुलाई को सात ईएसआई स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 14 जुलाई को सात ईएसआई स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
केंद्रीय श्रम और रोजगार डॉ. मनसुख मांडविया 14 जुलाई 2026 को तेलंगाना के सनथनगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल से देशभर में सात कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी श्रम और रोजगार मंत्रालय की ओर से रविवार को दी गई।

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय श्रम और रोजगार डॉ. मनसुख मांडविया 14 जुलाई 2026 को तेलंगाना के सनथनगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल से देशभर में सात कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी श्रम और रोजगार मंत्रालय की ओर से रविवार को दी गई।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि केंद्रीय मंत्री सनथनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का प्रत्यक्ष उद्घाटन करेंगे और छह परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, जिसमें असम के बेल्टोला में उन्नत 200 बिस्तरों वाला ईएसआईसी अस्पताल, तमिलनाडु के श्रीपेरुम्बुदुर में 100 बिस्तरों वाला ईएसआईसी अस्पताल, आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम में ईएसआईसी अस्पताल, गुजरात के सुरेंद्रनगर में ईएसआई औषधालय और शाखा कार्यालय, कोटा के उद्योग नगर में ईएसआई औषधालय और शाखा कार्यालय और राजस्थान के भवानी मंडी में ईएसआई औषधालय शामिल हैं।

लगभग 668 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ये चिकित्सा सुविधाएं देशभर में लगभग 53 लाख लाभार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करेंगी।

मंत्रालय ने बयान में ईएसआई अस्पतालों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि सनथनगर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में नया ओपीडी ब्लॉक एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य सुविधा है जो हैदराबाद, मेडचल-मल्काजगिरि, संगारेड्डी, रंगा रेड्डी और महबूबनगर जिलों सहित पूरे तेलंगाना में 12,30,183 बीमित व्यक्तियों और लाभार्थियों को आधुनिक, व्यापक सेवाएं प्रदान करेगा।

वहीं, बेल्टोला स्थित ईएसआईसी अस्पताल असम और मेघालय के 47 जिलों के साथ-साथ त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के 41 जिलों के लोगों को सेवाएं प्रदान करता है। इस सुविधा से 3.42 लाख बीमित व्यक्तियों और कुल मिलाकर लगभग 13.27 लाख लाभार्थियों को लाभ मिलने की आशा है।

मंत्रालय के बयान में आगे कहा कि 100 बिस्तरों वाला ईएसआईसी अस्पताल श्रीपेरुम्बुदुर में स्थित है, जो भारत के प्रमुख विनिर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स केंद्रों में से एक के रूप में उभरा है। अस्पताल में ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, आईपीडी, एक्स-रे और लैब फार्मेसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे कांचीपुरम और तिरुवल्लूर जिलों के 5.5 लाख से अधिक बीमित व्यक्तियों को चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त करने में आसानी होगी।

सुरेंद्रनगर जिले में ईएसआईसी योजना के अंतर्गत लगभग 9,192 बीमित व्यक्ति शामिल हैं। ईएसआई औषधालय और शाखा कार्यालय से लगभग 35,000 लाभार्थियों को ईएसआईसी की चिकित्सा देखभाल और सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। यह एकीकृत सुविधा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा परामर्श, आवश्यक दवाएं और अन्य चिकित्सा लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगी।

कोटा स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी और शाखा कार्यालय, कोटा के औद्योगिक क्षेत्र में रहने और काम करने वाले बीमित श्रमिकों और उनके आश्रितों की एक बड़ी संख्या को सेवाएं प्रदान करेगा। यह सुविधा अपने कार्यक्षेत्र में 1,500 से अधिक नियोक्ताओं और लगभग 75,000 बीमित व्यक्तियों और उनके 291,000 आश्रितों को लाभ पहुंचाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 July 2026 6:08 PM IST

Tags

Next Story