यूपी में गठबंधन पर बढ़ी तकरार, हाजी फजलुर्रहमान बोले-भाजपा के सुर में सुर मिला रहे हैं इमरान मसूद
सहारनपुर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हाजी फजलुर्रहमान ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद भाजपा के सुर में सुर मिला रहे हैं।
यूपी चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सपा बार-बार गठबंधन-गठबंधन की बात करती है, लेकिन कांग्रेस की अपनी अलग पहचान है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के दम पर सपा ने लोकसभा में 37 सीटें जीती थीं। मसूद ने कहा कि कांग्रेस को किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा बोलता हुआ मुसलमान बर्दाश्त नहीं करती।
इमरान मसूद के बयान पर तंज कसते हुए सपा नेता हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि मुझे लगता है कि इमरान मसूद की नस भाजपा के हाथ में है। इसी वजह से वे मनमानी बातें करते हैं और गठबंधन तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस समाजवादी पार्टी से अलग होकर लड़ी थी। कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें और 3 प्रतिशत वोट मिले, जबकि समाजवादी पार्टी को 34 प्रतिशत वोट मिले।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व यूपी में गठबंधन चाहता है, लेकिन इमरान मसूद जैसे नेता गठबंधन नहीं चाहते। वे भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसे बयान देते हैं। भाजपा हिंदू-मुस्लिम आधारित राजनीति करने में विश्वास करती है जबकि समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। हिंदू-मुस्लिम का बंटवारा नहीं करती।
सपा नेता ने कहा कि इमरान मसूद का आरोप बेबुनियाद है। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन से कांग्रेस को फायदा हुआ है, न कि नुकसान। उन्होंने इमरान मसूद पर विपक्षी गठबंधन को कमजोर करने और भाजपा को जिताने की कोशिश का आरोप लगाया है।
इमरान मसूद के बयान पर यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि वे निस्संदेह हमारे मजबूत सांसदों में से एक हैं। वे ऐसे नेता हैं जो पूरे संकल्प के साथ लड़ते हैं और संघर्ष करके आगे बढ़े हैं। वे हमारे मजबूत साथियों में से एक हैं। कांग्रेस पार्टी मजबूती से आगे बढ़ रही है। देशभर में भारत के हर कोने और हर गली-मोहल्ले में, कांग्रेस लगातार अपने संगठन को मजबूत कर रही है, अपने कार्यकर्ताओं को सशक्त बना रही है और पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 8:06 PM IST












