'वशीकरण' में सुमन का दमदार लुक, स्नेहलता वसईकर बोलीं– 'ये परंपरा और ताकत का अनोखा मेल'

वशीकरण में सुमन का दमदार लुक, स्नेहलता वसईकर बोलीं– ये परंपरा और ताकत का अनोखा मेल
टीवी इंडस्ट्री में महिला किरदारों को अब पहले से ज्यादा मजबूत, रहस्यमयी और प्रभावशाली तरीके से दिखाया जा रहा है। इसी कड़ी में शो 'वशीकरण-किस पर रखें विश्वास' में नजर आ रही अभिनेत्री स्नेहलता वसईकर का किरदार 'सुमन' इन दिनों चर्चा में है। यह किरदार न सिर्फ अपनी कहानी के कारण, बल्कि अपने खास लुक और अंदाज की वजह से भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।

मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। टीवी इंडस्ट्री में महिला किरदारों को अब पहले से ज्यादा मजबूत, रहस्यमयी और प्रभावशाली तरीके से दिखाया जा रहा है। इसी कड़ी में शो 'वशीकरण-किस पर रखें विश्वास' में नजर आ रही अभिनेत्री स्नेहलता वसईकर का किरदार 'सुमन' इन दिनों चर्चा में है। यह किरदार न सिर्फ अपनी कहानी के कारण, बल्कि अपने खास लुक और अंदाज की वजह से भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।

स्नेहलता वसईकर ने अपने किरदार के लुक को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "सुमन का पूरा लुक बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया है, ताकि वह एक ऐसी महिला की छवि पेश कर सके जो मजबूत होने के साथ-साथ अपनी जड़ों से भी जुड़ी हो। इस किरदार की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें परंपरा और शक्ति का संतुलन देखने को मिलता है।"

उन्होंने कहा, ''मेरा लुक महाराष्ट्र की असली संस्कृति से प्रेरित है। पहनावे और गहनों में क्षेत्रीय पहचान साफ नजर आती है। सुमन के लुक में सबसे खास उनकी नौवारी साड़ी है, जिसे पारंपरिक महाराष्ट्रियन स्टाइल में पहना गया है। यह साड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और अधिकार को दर्शाती है। इस साड़ी से मेरे किरदार को एक अलग ही मजबूती मिलती है, जो स्क्रीन पर साफ दिखाई देती है।''

स्नेहलता ने कहा, ''मेरे लुक में महाराष्ट्रीयन नथ, बड़ी बिंदी और सोने के पारंपरिक गहने जैसे कई खास चीजें शामिल हैं। नथ मेरे किरदार में एक गरिमा जोड़ती है। वहीं मंगलसूत्र और लेयर्ड नेकलेस मेरे किरदार को और गहराई देते हैं, जिससे वह कहानी में और भी प्रभावशाली नजर आती है।''

उन्होंने कहा, ''मुझे सुमन का यह लुक बेहद पसंद है। यह लुक एक अलग तरह की ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है। इस लुक के जरिए सुमन का किरदार मजबूत और सशक्त दिखता है लेकिन साथ ही उसमें एक सादगी और वास्तविकता भी बनी रहती है, जो दर्शकों को उससे जोड़ती है।''

अगर शो की कहानी की बात करें, तो यह महाराष्ट्र के एक दूरदराज गांव पर आधारित है। यहां सुमन एक ऐसी महिला है जिससे लोग डरते हैं और उसकी पकड़ पूरे गांव पर बनी हुई है। कहानी में एक दिलचस्प मोड़ तब आता है जब एक महिला सबके सामने सुमन का अपमान करती है और अगले ही दिन उसकी रहस्यमयी मौत हो जाती है। इसके बाद घटनाएं और भी ज्यादा रहस्यमयी और डरावनी होती चली जाती हैं।

कहानी में आगे सुमन के तांत्रिक गुरु की भी संदिग्ध मौत हो जाती है, जिससे पूरे गांव में डर और शक का माहौल बन जाता है। पुलिस इस मामले की जांच शुरू करती है, लेकिन जैसे-जैसे सच्चाई सामने आने लगती है, हालात और उलझते जाते हैं। रिश्तों में बदलाव आता है, दुश्मन सामने आते हैं और सुमन के डर का साम्राज्य धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगता है।

यह शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलिविजन पर प्रसारित होता है। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर भी उपलब्ध है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 1:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story