Nayab Singh Saini Vs Rahul Gandhi: EC के बाद राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर हरियाणा CM ने किया पलटवार, कहा - 'झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे

EC के बाद राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर हरियाणा CM ने किया पलटवार, कहा - झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे
  • राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का लगाया आरोप
  • कांग्रेस नेता के आरोपों पर सीएम नायब सिंह सैनी का आया जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाकर सियासी पारा हाई कर दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस H-Files के दौरान राहुल गांधी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का चुनाव परिणाम से दो दिन पहले का बयान भी दिखाया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी सरकार बना रही है, हमारे पास सभी व्यवस्थाएं हैं। इसके बाद अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

राहुल गांधी पर बरसे नायब सिंह सैनी

पंचकूला में सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "राहुल गांधी देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। जिस तरह से कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है, वे झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे हैं।"

बता दें, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक वीडियो चलाया था। इसमें उन्होंने मतगणना से दो दिन पहले कहा था कि बीजेपी जीतेगी और हमारे पास एक व्यवस्था है। कांग्रेस नेता ने कहा, 'महादेवपुरा और अलंद में चुनाव के बाद हमें शक हुआ कि यह सिर्फ एक निर्वाचन क्षेत्र में नहीं हो रहा है, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है।'

राहुल गांधी ने कई वोटर्स का ब्यौरा शेयर कर दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में पांच कैटेगरी- डुप्लीकेट मतदाता, अवैध पते, थोक मतदाता और अन्य साजिशों के तहत 25 लाख की वोटों की चोरी हुई। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार डाक वोट वास्तविक वोटों से अलग थे।

राहुल गांधी ने ईसी पर लगाया वोट चोरी का आरोप

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि ब्राजील की एक महिला मॉडल ने 10 बूथों पर अलग-अलग नामों से 22 बार वोट डाला। राहुल गांधी ने फोटो दिखाकर पूछा, 'यह महिला कौन है? इसका नाम क्या है? यह कहां से आई है? इसने हरियाणा में 10 अलग-अलग बूथों पर 22 बार वोट डाला और इसके कई नाम हैं, जैसे सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि, विमला, जबकि सच्चाई ये है कि वह एक ब्राजीलियाई मॉडल है।'

उन्होंने कहा कि यूपी के कई लोगों ने हरियाणा चुनाव में वोट डाला। राहुल ने कहा, बीजेपी नेता डालचंद यूपी में सरपंच हैं। ये यूपी के साथ हरियाणा में भी वोट डालते हैं। हमने डालचंद जी का खेल पकड़ उलिया क्योंकि इन्होंने एक जगह अपने पिता का नाम बदल दिया, लेकिन इनके बेटे ने नाम नहीं बदला। इन दोनों ने यूपी और हरियाणा में वोट डाला। इसी तरह यूपी में मथुरा के एक सरपंच और बीजेपी नेता प्रह्लाद ने भी हरियाणा में वोट डाला। ये तो सिर्फ एक उदाहरण है ऐसे हजारों नाम हैं। इसी तरह केरल में बीजेपी नेता गोपाल कृष्णन कहते हैं कि अगर हमें जरूरत पड़ी तो चुनाव जीतने के लिए जम्मू-कश्मीर से लोगों को लाएंगे।'

Created On :   5 Nov 2025 8:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story