द्विपक्षीय रिश्तों में सुधार: अगले महीने भारत दौरे पर बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान, ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय समझौतों के साथ मजबूत संबंधों की रणनीति पर होगी चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश में तारिक रहमान की नई सरकार बनने के बाद अगले महीने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान भारत दौरे पर आ रहे है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विदेश मंत्री रहमान 8 अप्रैल को हिंद महासागर सम्मेलन में शिरकत करने के क्रम में दिल्ली होते हुए मॉरीशस जाएंगे। आपको बता दें रहमान इकलौते शख्स हैं, जिन्हें अंतरिम सरकार के साथ नई सरकार में भी शामिल होने का अवसर मिला।
यह भी पढ़े -विदेश मंत्री एस. जयशंकर की बांग्लादेश के उच्चायुक्त से मुलाकात, घरेलू जरूरतों के संतुलन के साथ भारत देता रहेगा ऊर्जा सहायता
अंतरिम सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहते विदेश मंत्री रहमान ने तब दिल्ली दौरे के दौरान NSA अजित डोभाल से मुलाकात कर दोनों देशों के बिगड़ते रिश्ते को ठीक करने की पहल की थी।
पश्चिम एशिया में बने संकट के बीच बांग्लादेश में भारत से 50 हजार टन डीजल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, अनुरोध को स्वीकार करते हुए पहली खेप के तहत 5,000 टन डीजल भेजने के साथ उपलब्धता के आधार पर और मदद करने के संकेत भारत दे चुका है। इससे साफ है दोनों देशों के बीच ऊर्जा संकट के बीच नजदीकी बढ़ी है।
रहमान के अबकी दौरे से दोनों देशों के संबंधों में आई खटास दूर होने के संकेत है। आपको बता दें नई सरकार के बाद भारत-बांग्लादेश के द्विपक्षीय रिश्ते धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। रहमान के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय समझौतों के जरिए संबंध मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसी के साथ ही भारत और बांग्लादेश के बीच सबसे बड़ा मुद्दा अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यार्पण का है। इससे पहले दोनों देश अन्य मुद्दों पर नरमी लाने की रणनीति पर आगे बढ़ रहे हैं।
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के दौरान बिगड़े भारत और बांग्लादेश के द्विपक्षीय रिश्ते अब वापस पटरी पर लौटने के आसार दिख रहे हैं। बीते दिन शुक्रवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर की भारत स्थित बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह की मुलाकात के बाद ये जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़े -विदेश मंत्री एस. जयशंकर की बांग्लादेश के उच्चायुक्त से मुलाकात, घरेलू जरूरतों के संतुलन के साथ भारत देता रहेगा ऊर्जा सहायता
आपको बता दें बीते साल के अंतिम दिन पूर्व पीएम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने बांग्लादेश गए जयशंकर ने अपने बांग्लादेशी समकक्ष को भारत आने का न्योता दिया था। तब जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह मुलाकात आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित थी। इससे पूर्व भारत ने बांग्लादेश में नई सरकार के गठन का स्वागत किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी के मुखिया और वर्तमान पीएम तारिक रहमान को फोन कर बधाई दी थी। बाद में उनके शपथ ग्रहण में शामिल होने बांग्लादेश गए लोकसभा स्पीकर ने पीएम रहमान को मोदी का पत्र सौंपा था, जिसमें उन्हें भारत आने का न्यौता दिया गया था।
Created On :   21 March 2026 11:19 AM IST












