बिहार में CM फेस को लेकर NDA में रस्साकशी: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से पहले मुख्यमंत्री पद के लिए मारा-मारी! RJD ने इन नेताओं को बताया अगला दावेदार

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से पहले मुख्यमंत्री पद के लिए मारा-मारी! RJD ने इन नेताओं को बताया अगला दावेदार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए निर्वाचित हो गए हैं। ऐसे में वह अगले महीने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए निर्वाचित हो गए हैं। ऐसे में वह अगले महीने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर सियासी पारा हाई है। एनडीए में बीजेपी खेमे से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नाम की चर्चांए सबसे तेज हैं। हालांकि, चौंकाने वाले चेहरे से भी इनकार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि बीजेपी ऐसा करते आई है, लेकिन जिस तरह से नीतीश कुमार इशारों-इशारों में सम्राट चौधरी को अपनी पसंद बता रहे हैं इस पर जमकर बयानबाजी हो रही है। इस बीच अब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान के बाद से तो बिहार में सीएम पद को लेकर रस्साकशी तेज हो गई हैं।

बिहार में सीएम फेस को लेकर मचा घमासान

इस पूरे मामले पर आरजेडी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन बीजेपी और जेडीयू में दर्जन भर लोग सीएम बनने के लिए बेचैन हैं। चिराग भी सीएम बनना चाहते हैं। एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति है। मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची है। बिहार की जनता से इन लोगों को मतलब नहीं है। सत्ता की लड़ाई चल रही है।

इस विवाद पर बिहार बीजेपी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा यह समय के साथ साफ हो जाएगा। जो भी सीएम बनेगा वह एनडीए के सभी दलों की सहमति और नीतीश के आशीर्वाद से बनेगा। बिहार में महत्वाकांक्षा की कोई लड़ाई नहीं है। बिहार का मुख्यमंत्री वही होगा जो बिहार का तेजी से विकास करेगा। बिहार को विकसित राज्य बनाना है। एनडीए पूरी तरह से एकजुट है। जो भी निर्णय होगा सर्वसम्मति से होगा।

जीत राम मांझी ने नीतीश कुमार को लेकर कही ये बात

इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इफ्तार के मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार पारदर्शी आदमी हैं। जो मन में सोचते हैं वह करते हैं। किसी के बारे में क्या सोचते हैं वह कहते नहीं हैं, लेकिन यदि ऐसा इशारा (सम्राट चौधरी के सीएम बनाने को लेकर) दे रहे हैं तो माना जाना चाहिए कि वह इससे पीछे नहीं हटेंगे। हम भी समझते हैं कि लगता है कि सम्राट चौधरी ही नीतीश कुमार के इच्छित व्यक्ति हो सकते हैं सीएम पद के लिए।

Created On :   20 March 2026 7:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story