Bihar Election: कांग्रेस के सेनेटरी पैड वितरण अभियान पर गरमाई सियासत, पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर होने पर BJP हमलावर, बोली - 'ये महिलाओं का अपमान'

- बिहार की 5 लाख महिलाओं में सेनेटरी पैड बांटेगी कांग्रेस
- पैकेट में राहुल गांधी की तस्वीर
- बीजेपी ने बताई घिनौनी हरकत
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा ऐलान किया। पार्टी ने राज्य की 5 लाख महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटेगी। इस पैड के कवर पर राहुल गांधी का फोटो लगा है और लिखा है, 'माई-बहिन मान योजना, जरूरतमंद महिलाओं को सम्मान राशि- 2500 रुपए महीना।'
बिहार के पार्टी प्रमुख राजेश कुमार ने शुक्रवार को पटना में मीडिया से कहा, 'बिहार में महिलाओं के लिए हमने विशेष तैयारी की है। हमारा लक्ष्य 5 लाख महिलाओं को घर-घर जाकर सेनेटरी पैड बांटने का है।'
ये घिनौनी हरकत - बीजेपी
वहीं सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की फोटो होने पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। पार्टी ने इसे घिनौनी हरकत और महिलाओं का अपमान बताया है। पार्टी प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि ये जानबूझकर की गई घिनौनी हरकत है। यह बिहार की महिलाओं का अपमान है। राज्य की महिलाएं गरीब हो सकती हैं, लेकिन उनका स्वाभिमान नहीं मरा है।
'इससे बड़ी पप्पूगीरी कहीं देखी है'
अजय आलोक ने कहा कि क्या ये शर्मनाक नहीं होगा। क्या कांग्रेस नेता ये सेनेटरी पैड अपने घर में देंगे, जिसमें राहुल गांधी का चेहरा दिख रहा है? उन्होंने आगे कहा, 'राहुल गांधी विज्ञापन स्टार बन गए हैं। अब सेनेटरी पैड का विज्ञापन कर रहे हैं। राजनीति छोड़ दीजिए, कुछ और कर लीजिए। ये लोग चले हैं राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने। कांग्रेस हम लोगों से कहती कि राहुल गांधी को पप्पू क्यों बुलाते हैं। इससे बड़ी पप्पूगीरी कहीं देखी है।'
इससे पहले जेडीयू पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस अभियान पर तंज कसते हुए कांग्रेस पर वैचारिक दिवालियापन का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, "आखिर कांग्रेस पार्टी को हो क्या गया है? यह राजनीति में वैचारिक दिवालियापन और परिस्थितियों को समझने की कमी को दर्शाता है।" उन्होंने आगे कहा, "अब चुनावी वर्ष आया है तो बेटियां, महिलाएं कांग्रेस के लिए सम्मान और इज्जत का प्रतीक हो गई हैं। आप(कांग्रेस) प्रतीक के रूप में अपने बड़े नेता का चेहरा उस पैकेट पर लगाते हैं। ऐसे में परिस्थिति की समझ न होना, यह स्वाभाविक रूप से कांग्रेस पार्टी का राजद जैसे सहयोगी पार्टी के साथ रहने की वजह है, जो राजनीति में 'लंपटई' के लिए जानी जाती है। उसी संगती का कांग्रेस पर असर दिखाई दे रहा है।"
Created On :   4 July 2025 8:52 PM IST