Bihar Election 2025: बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 5 लाख महिलाओं को बांटेगी सेनेटरी पैड, जेडीयू ने कसा तंज

बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 5 लाख महिलाओं को बांटेगी सेनेटरी पैड, जेडीयू ने कसा तंज
  • कांग्रेस का बिहार में बड़ा ऐलान
  • चलाएगी सेनेटरी पैड वितरण अभियान
  • सियासी बयानबाजी हुई शुरू

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिनों का समय बचा है। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दल बड़े-बड़े ऐलान कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की महिलाओं में सेनेटरी पैड बांटने का ऐलान किया है। बिहार कांग्रेस प्रमुख राजेश राम ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए महिला कांग्रेस के माध्यम से राज्य में 5 लाख महिलाओं तक सेनेटरी पैड वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए राजेश राम ने कहा, "हमारा उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। सेनेटरी पैड का वितरण इस दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। हमारी महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर महिलाओं को न केवल सेनेटरी पैड उपलब्ध कराएंगी, बल्कि मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा करेंगी।"

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर समाज में अभी भी कई भ्रांतियां और कमियां मौजूद हैं। मासिक धर्म को लेकर अक्सर खुलकर बात नहीं की जाती, जिसके कारण महिलाएं और युवतियां स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करती हैं।

जेडीयू ने कसा तंज

कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किए गए सेनेटरी पैड वितरण अभियान पर बिहार की सियासत गरमा गई है। सत्ताधारी गठबंधन में शामिल दलों ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस अभियान पर तंज कसते हुए कांग्रेस पर वैचारिक दिवालियापन का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, "आखिर कांग्रेस पार्टी को हो क्या गया है? यह राजनीति में वैचारिक दिवालियापन और परिस्थितियों को समझने की कमी को दर्शाता है।" उन्होंने आगे कहा, "अब चुनावी वर्ष आया है तो बेटियां, महिलाएं कांग्रेस के लिए सम्मान और इज्जत का प्रतीक हो गई हैं। आप(कांग्रेस) प्रतीक के रूप में अपने बड़े नेता का चेहरा उस पैकेट पर लगाते हैं। ऐसे में परिस्थिति की समझ न होना, यह स्वाभाविक रूप से कांग्रेस पार्टी का राजद जैसे सहयोगी पार्टी के साथ रहने की वजह है, जो राजनीति में 'लंपटई' के लिए जानी जाती है। उसी संगती का कांग्रेस पर असर दिखाई दे रहा है।"

Created On :   4 July 2025 8:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story