बिहार विधानसभा चुनाव: यह सत्य-अहिंसा की भूमि..यहां कट्टा नहीं विकास चाहिए, एनडीए नेताओं ने महागठबंधन पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग में अब दो दिनों का समय बचा है। इस चरण में जीत हासिल करने के लिए सभी दल कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को बेतिया में पीएम मोदी ने चुनावी रैली की। इस रैली के बाद एनडीए नेताओं ने आरजेडी के कार्यकाल पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार में 'कट्टा सरकार' नहीं, बल्कि 'विकास और शांति की सरकार' कायम रहेगी।
यहां राजद की रंगदारी नहीं चलेगी
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा, "यहां पर राजद की रंगदारी कभी नहीं चलेगी। जितनी भी ज्यादा वोटिंग हो रही है, वह सब एनडीए के पक्ष में है। जब जनता किसी सरकार से नाराज होती है तो वोटिंग प्रतिशत गिरता है, लेकिन इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है। यह इस बात का सबूत है कि जनता को एनडीए सरकार पसंद है।" उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और एनडीए परिवारवाद के खिलाफ हैं। यह सुशासन की सरकार है। चुनाव के नतीजे आने के बाद कट्टा और रंगदारी करने वाले लोग अपने घरों में दरवाजे बंद करके बैठ जाएंगे।
यह भी पढ़े -'विपक्ष की बयानबाजियां उसकी करारी हार की छटपटाहट का परिणाम', रवि किशन ने विपक्ष पर बोला तीखा हमला
राजद शासन था 'जंगलराज'
विधायक उमाकांत सिंह ने भी राजद शासन को 'जंगलराज' बताया। उन्होंने कहा, "उस दौर में गोली-लाठी की सरकार थी। बच्चों के हाथों में किताबों की जगह कट्टा थमाया जाता था, हर दिन हत्याएं और अपहरण होते थे। लेकिन यह धरती महात्मा गांधी की कर्मभूमि है। सत्य, अहिंसा और विकास की भूमि है। यहां कट्टा और बंदूक की नहीं, शांति और विकास की सरकार चाहिए।"
हमें कट्टा सरकार नहीं चाहिए
वहीं, भाजपा नेता रेणु देवी ने कहा, "हमें कट्टा सरकार नहीं चाहिए, हमें शांति और अहिंसा की सरकार चाहिए। बिहार की महिलाएं अब किसी झूठे वादे के झांसे में नहीं आने वाली हैं। यह महात्मा गांधी की भूमि है, यहां विकास और शांति चाहिए, हिंसा नहीं।"
Created On :   8 Nov 2025 8:53 PM IST












