बिहार सियासत: 'झूठे आरोप लगाने से बिहार के मतदाता गुमराह होने वाले नहीं.. उन्हें चुल्लू भर पानी..', गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

- बिहार में एसआईआर को लेकर सियासी घमासान जारी
- गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर साधा निशाना
- उत्तरकाशी की घटना पर जताया दुख
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीनों का समय बाकी है। सभी दलों ने इस सियासी रण को जीतने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, एसआईआर के मुद्दे को लेकर सूबे की सियासत गरमाई हुई है। इसे लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक व्यवस्था से किया जा रहा है और यह एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन तेजस्वी यादव झूठ बोलते हैं। ऐसे लोगों की हकीकत बिहार की जनता जान चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने का काम करेगी।
झूठे आरोपों से वोटर गुमराह नहीं होंगे
गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्होंने अपने आपको भावी मुख्यमंत्री घोषित किया है, वो खुद डबल वोटर कार्ड रखे हुए हैं। झूठे आरोप लगाने से बिहार के मतदाता गुमराह होने वाले नहीं हैं। उन्हें चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनको सुप्रीम कोर्ट ने झूठ बोलने के लिए फटकार लगाई है। ये केवल झूठ का सहारा लेकर अपनी सियासत चमका रहे हैं। राहुल गांधी पहले झूठ बोलते हैं और फिर माफी मांग लेते हैं। गांधी परिवार अब सुप्रीम कोर्ट को गाली देने लगा है। एसआईआर को लेकर हमने विरोध नहीं जताया। जो मरे हुए लोग हैं, उनका नाम काटा गया है। चुनाव आयोग पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रही है और आरोप लगाना गलत है। राहुल गांधी आरोप लगाते हैं कि चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है, अगर ऐसा है तो उन्हें सबूत देना चाहिए।
उत्तरकाशी की घटना पर जताया दुख
वहीं, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर गिरिराज सिंह ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत सरकार उत्तराखंड के लोगों के साथ खड़ी है। मैं देश के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं कि जिस तरह से उन्होंने अपना समर्थन दिया है, उससे पता चलता है कि वो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं।
Created On :   6 Aug 2025 12:46 AM IST