बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'पहले दिल्ली की मतदाता सूची में मेरा नाम...' विपक्ष के द्वारा लगाए गए आरोपों पर राकेश सिन्हा ने दी प्रतिक्रिया

पहले दिल्ली की मतदाता सूची में मेरा नाम... विपक्ष के द्वारा लगाए गए आरोपों पर राकेश सिन्हा ने दी प्रतिक्रिया
राकेश सिन्हा पर दो बार मतदान करने के आरोप लगे हैं। विपक्ष ने उनकी तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि राकेश सिन्हा ने दिल्ली और बिहार विधानसभा चुनाव में वोटिंग की है। विपक्ष इसे वोट चोरी का सबूत बता रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विचारक और बीजेपी नेता राकेश सिन्हा पर दो बार मतदान करने के आरोप लगे हैं। विपक्ष ने उनकी तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि राकेश सिन्हा ने दिल्ली और बिहार विधानसभा चुनाव में वोटिंग की है। विपक्ष इसे वोट चोरी का सबूत बता रहे हैं। इस मामले में बीजेपी नेता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष के आरोप बेबुनियाद है। ये जवाब उन्होंने एबीपी से बातचीत करते दिया।

राकेश सिन्हा ने कहा, "पहले दिल्ली की मतदाता सूची में मेरा नाम था. मैंने वहां की मतदाता सूची से नाम हटाकर अपनी पुश्तैनी गांव जो बिहार के बेगूसराय के मन सेरपुर में है, वहां की मतदाता सूची में मैंने अपना नाम डलवा दिया है। सिर्फ बिहार की मतदाता सूची में नाम है। मनसेर पुर उनका स्थायी पता है।"

उन्होंने आगे कहा, "बिहार की सियासत में सक्रिय हूं और रहना चाहता हूं। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह असम में राज्य सभा चुनाव लड़ने गये थे तो क्या वो असम के नागरिक थे। क्या वहां पुश्तैनी मकान था? कांग्रेस के कई नेताओं का उदाहरण दे सकता हूं। कांग्रेस को मुझसे माफी मांगनी चाहिए।"

बीजेपी नेता ने बिहार में दूसरे चरण के मतदान को लेकर कहा, "दूसरे चरण में सीमांचल में वोटिंग है। वहां बड़ी संख्या में घुसपैठिए हैं। इस चुनाव के बाद घुसपैठियों से मुक्त सीमांचल बनेगा। एक एक घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। घुसपैठिए बिहार के संसाधनों पर कब्जा करना चाहते हैं। रोहिंग्या हो या घुसपैठिया जो भी अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया है सबको बाहर किया जायेगा। इस बार बिहार में सरकार बनने के बाद घुसपैठियों को निकाला जायेगा।"

घुसपैठिये और एसआईआर अभियान के सवाल पर राकेश सिन्हा ने कहा, "बिहार में घुसपैठिए विभिन्न रूप में छिपे हुए हैं। अभी इतना समय नहीं था कि एक एक घुसपैठियों को चिन्हित किया जाता। घुसपैठ को विपक्ष सांप्रदायिक रूप देता है। घुसपैठियों को संरक्षण देता है।"

राज्य में पहले चरण के हुए मतदान में 64.69 फीसदी की वोटिंग हुई है। इसपर किए गए सवाल को लेकर उन्होंने कहा, "यह मोदीनामा के कारण हो रहा है। मोदी ने केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को बिहार में जमीन पर उतारा जिससे हर तबके को लाभ हुआ।"

उन्होंने आगे कहा, "उसी तरह उसी मॉडल पर नीतीश कुमार ने बिहार में महिलाओं, हाशिये पर पड़े लोगों के हित में काम किया। मोदी जी के मॉडल को जिन राज्यों ने अपनाया है वहां एनडीए मजबूत हुआ है।"

एनडीए के मुख्यमंत्री चेहरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA चुनाव लड़ रहा है। अमित शाह यह बात बोल चुके हैं। यह बात विपक्ष को समझ में नहीं आती। चुनाव हार रहे, हताशा में ऐसा अनर्गल प्रलाप करते हैं। 2020 में जेडीयू की कम सीटें थी, तब भी मोदीजी ने नीतीश को सीएम बनाया।"

Created On :   7 Nov 2025 11:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story