भाजपा शुक्रवार को पूरे बिहार में मनाएगी काला दिवस, शनिवार को जिला, प्रखंड में धरना : सम्राट

भाजपा शुक्रवार को पूरे बिहार में मनाएगी काला दिवस, शनिवार को जिला, प्रखंड में धरना : सम्राट

डिजिटल डेस्क, पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद के समय 'जंगलराज' की उत्पत्ति हुई थी और आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव 'जंगलराज रिटर्न' ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार की घटना के विरोध में शुक्रवार को भाजपा काला दिवस मनाएगी।

भाजपा के विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठी चार्ज और जहानाबाद के महामंत्री विजय सिंह के निधन के बाद प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार जबसे ममता बनर्जी जी के संरक्षण में गए हैं तब से पश्चिम बंगाल की तरह यहां भी लोकतंत्र खत्म करने का काम कर रहे हैं। आज भाजपा ने एक वीर साथी गंवाया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के कारण महामंत्री विजय सिंह जी की हत्या हुई है।

उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए आगे कहा कि सात-सात मंत्रियों पर आरोप लगने के बाद इस्तीफा लेने वाले सीएम नीतीश कुमार का दिन ऐसा खराब हो गया कि एक उप मुख्यमंत्री से इस्तीफा नहीं मांग पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज की घटना के विरोध में शुक्रवार को भाजपा काला दिवस मनाएगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का पुतला दहन करेगी। इसके बाद शनिवार को सभी जिला और प्रखंडों में भाजपा धरना देगी और दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा परिवार दिवंगत साथी के परिजनों को 10 लाख रुपए आर्थिक सहयोग देगी तथा परिवार को गोद लेकर आगे सभी प्रकार की मदद करेगी। संवाददाता सम्मेलन में विधानमंडल में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। सरकार अपराध और भ्रष्टाचार की संरक्षक बन गई है। 'जंगलराज' हटाने के लिए भी कई परिवारों ने बहुत कुछ खोया है। आज सदन में भी अघोषित आपातकाल है और सड़क पर भी अघोषित आपातकाल है, जहां विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है।

(आईएएनएस)

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2023 5:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story