Inder Singh Parmar News: सिंगरौली में जल्दी शुरु होगा खनन प्रौद्योगिकी कॉलेज, 55 पीएम एक्सीलेंस कॉलेजों में 1845 पद मंजूर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा बीते दो साल में किए गए कार्यों को लेकर विभागीय मंत्री इन्दर सिंह परमार ने सोमवार को भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी) के अनुरूप उच्च शिक्षा को गुणात्मक, बहुविषयक, रोजगारोन्मुखी और समावेशी बनाया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2021-22 से चार वर्षीय स्नातक कोर्स पूर्ण रूप से लागू किया गया है। चालू सत्र से 1 वर्षीय पीजी और इंटरडिसीप्लीनरी विकल्प भी शुरू किया है। गुना में क्रांतिवीर तात्या टोपे, खरगोन में क्रांति सूर्य टंट्या भील और सागर में रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय भी खोले गए हैं।
यह भी पढ़े -1 जनवरी से ट्रैन टिकट कन्फर्मेशन 10 घंटे पहले होगा, रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को जारी किए निर्देश
परमार ने बताया कि हर जिले में एक कॉलेज (कुल 55) कॉलेजों को पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में अपग्रेड किया है। इनके लिए ₹336 करोड़ स्वीकृत किए गए और 1845 नए पद सृजित किए गए हैं। इन पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी। परमार ने बताया कि आईआईटी दिल्ली के सहयोग से प्रदेश के 68 कॉलेजों में एआई और फिनटेक जैसे आधुनिक कोर्स चलाए जा रहे हैं। परमार ने बताया कि विभाग में खाली पदों पर भर्ती के लिए मप्र लोक सेवा आयोग के माध्यम से वर्ष 2022 में 2053 पदों पर भर्ती की गई। वर्तमान में 2197 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही। प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) 28.9 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 फीसदी करने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़े -बालाघाट-शहडोल-डिंडौरी सहित प्रदेश में 8 नए आयुर्वेद कॉलेज, इनमें भर्ती होंगे 2700 अधिकारी-कर्मचारी
शिक्षा में नवाचार और प्रदेश में राष्ट्रीय संस्थान
मंत्री परमार ने बताया कि राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू), गांधीनगर का कैंपस अब भोपाल के आरजीपीवी में बन गया। इसमें सत्र 2025-26 से प्रवेश शुरु हो गया। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के 50 मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी इंदौर और 50 छात्राओं को मैनिट भोपाल में पढ़ने की विशेष सुविधा की गई। आगामी सालों में विभाग एआई, ड्रोन तकनीक जैसे नए कोर्स पर फोकस करेगा। सभी सरकारी तकनीकी संस्थानों में डिजिटल सेल भी बनाई गई है। सिंगरौली में ₹76.56 करोड़ की लागत से खनन प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (कॉलेज ऑफ माइनिंग टेक्नोलॉजी) का निर्माण चल रहा है। इसे जल्दी पूरा कर छात्रों को एडमिशन दिया जाएगा।
Created On :   30 Dec 2025 2:59 AM IST













