भारत जोड़ो न्याय यात्रा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले पर हमला! कार का टूटा शीशा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले पर हमला!  कार का टूटा शीशा
  • पश्चिम बंगाल के मालदा में हमला
  • कार का टूटा शीशा
  • आज बिहार के कटिहार से शुरु हुई न्याय यात्रा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बुधवार 31 जनवरी, 2023 को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर पश्चिम बंगाल के मालदा में हमला हुआ है। हमले में फेंके गए पत्थर से गाड़ी का शीशा टूट गया है। हालांकि इसमें किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। फिलहाल इस बारे में किसी प्रकार की और अधिक जानकारी नहीं है।

पीटीआई भाषा ने घटना के बारे में लिखा है कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में पार्टी नेता राहुल गांधी जिस कार से यात्रा कर रहे थे उस पर बुधवार को अज्ञात लोगों ने पथराव किया। कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने यह दावा किया। इस घटना में वाहन की पिछली खिड़की का शीशा टूट गया लेकिन राहुल गांधी सुरक्षित हैं, उन्हें कोई चोट नहीं आई है।

एबीपी न्यूज ने समाचार चैनल टीवी 9 बांग्ला के हवाले से लिखा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले को पश्चिम बंगाल के मालदा में कुछ अराजक तत्वों ने निशाना बनाया गया। राहुल के काफिले पर हमले को अंजाम दिया। खबरों के मुताबिक अराजक तत्वों का सत्ताधारी पार्टी से कथित संबंध बताए जा रहे हैं। हालांकि इस बारे में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

आपको बता दें आज बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में चलने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा बिहार के कटिहार से शुरु हुई , यात्रा आगे बढ़ते हुए सुबह साढ़े 11 बजे के करीब मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में प्रवेश हुई थी। कांग्रेस के पूर्व चीफ इस दौरान स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) की छत पर बैठे देखे गए थे, जो धीरे-धीरे शहर की मुख्य सड़कों से गुजर रहा था।

Created On :   31 Jan 2024 8:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story