Defamation case: दिग्विजय सिंह की बढ़ी मुश्किलें! MP-MLA कोर्ट ने भेजा नोटिस, बीजेपी विधायक ने ठोका मानहानि का केस

- दिग्विजय सिंह को एमपी-एमएलए कोर्ट ने जारी किया नोटिस
- MLA सुशील तिवारी के द्वारा दायर मानहानि के केस में जारी किया गया
- 21 जुलाई को कोर्ट में होंगे पेश
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह मुश्किल में फंस सकते हैं। उन्हें बुधवार को जबलपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट डीपी सूत्रकार की अदालत ने एक नोटिस जारी किया है। ये नोटिस पनागर विधानसभा से BJP विधायक सुशील तिवारी 'इंदू' के द्वारा दायर मानहानि के केस में जारी किया गया है।
MP-MLA कोर्ट ने दिग्विजय सिंह को ये आदेश दिए हैं कि वो 21 जुलाई को कोर्ट में हाज़िर होकर अपना जवाब दर्ज करवाएं। कांग्रेस सांसद पर आरोप है कि उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक सुशील तिवारी की छवि को धूमिल किया था। कोर्ट ने मामले में विधायक और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद अब दिग्विजय सिंह को नोटिस जारी किया और उन्हें अगली सुनवाई में हाजिर होकर जवाब दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
क्या है पूरा मामला?
साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दिग्विजय सिंह ने जबलपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पनागर विधायक सुशील तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने विधायक पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अनाज की कालाबाजारी करने का गंभीर आरोप लगाया था। कांग्रेस नेता ने कहा था कि बीजेपी विधायक ने पीडीएस के तहत आने वाले 50 से 60 फीसदी अनाज की कालाबाजारी करते हैं।
विधायक तिवारी ने दिग्विजय सिंह के इस बयान को उनकी छवि को बिगाड़ने का प्रयास बताया था। इसके बाद उन्होंने दिग्विजय सिंह के खिलाफ कोर्ट में मानहानि केस लगाया था।
इसी मामले पर सुनवाई करते हुए एमपी एमएलए कोर्ट ने दिग्विजय सिंह को नोटिस भेजा है। मामले में उनका पक्ष जानने के लिए कोर्ट ने उन्हें अदालत में तलब किया है।
Created On :   25 Jun 2025 11:39 PM IST