BMC Election: 'एकनाथ शिंदे नकली शिवसेना के नेता...' स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान होने पर उद्धव गुट ने दी प्रतिक्रिया

एकनाथ शिंदे नकली शिवसेना के नेता... स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान होने पर उद्धव गुट ने दी प्रतिक्रिया
शिवसेना उद्धव गुट के नेता आनंद दुबे की टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हम पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की मुंबई महानगरपालिका समेत 29 स्थानीय निकाय के चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके बाद शिवसेना उद्धव गुट के नेता आनंद दुबे की टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हम पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे और एक बार फिर चुनाव जीतने वाले हैं। मुंबई की महानगर पालिका में भगवा झंडा फहराया जाएगा। जो विरोधी है, उनसे हमारी व्यक्तगत लड़ाई नहीं है, लेकिन प्रकार से वे मुंबई को लुटना चाहते हैं तो हम ऐसा नहीं होने देंगे।

उद्धव गुट के नेता का कहना है, "हमारी सेना छोटी जरूर होगी लेकिन हमारी सेना पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। हमारी सेना छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों को लेकर आगे बढ़ेगी। हमें पूरा विश्वास है कि 16 तारीख को नतीजें आएंगे तो सबको चौंकाने वाले होंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "चाहे उद्धव ठाकरे हों या राज ठाकरे हों, हम बार बार यही कह रहे हैं कि मुंबई को किसी को लूटने नहीं देंगे। कोई कितना भी बड़ा तानाशाह हो, हम मुंबई को गुलाम नहीं बनने देंगे। मुंबई हमारी मां है, मुंबई को बचाने के लिए जो भी हमसे बन पड़ेगा, हम करेंगे। ये चुनाव लोकतंत्र का उत्सव होता है। हम इसमें भाग लेंगे। जब नतीजे आएंगे तब पता चलेगा कि शिवसेना क्या है?"

आनंद दुबे का कहना है, "हमारी पार्टी और राज ठाकरे की पार्टी के नेता एक दूसरे से मिल रहे हैं। सीटों पर सकारात्मक चर्चा हो रही है। 90 फीसदी से ज्यादा विषय सुलझा लिए गए हैं। कुछ सीटों पर बातचीत चल रही है। 23 तारीख से नामांकन शुरू होगा। इससे पहले हम सारे विषय हल कर लेंगे।"

उन्होंने यह भी कहा, "एकनाथ शिंदे नकली शिवसेना के नेता हैं। वो आज कल फिल्में बहुत देख रहे हैं। उन्होंने जब से धुरंधर देखी है, उनके मन में कराची वाला रहमान डकैत घूम रहा है। आप किस तरह की लूट की बात कर रहे हैं? आपने तो एक पार्टी को ही लूट लिया। आपने तो विधायक की चोरी कर ली, पार्टी में ही डकैती कर दी। आप हमें मत सिखाइए कि कौन है रहमान डकैत और कौन है बकैत। हम तो सिर्फ ये जानते हैं कि महायुति की जो सरकार है वो महाराष्ट्र में लूटपाट कर रही है।"

Created On :   15 Dec 2025 11:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story