Jammu & Kashmir News: कश्मीरी पंडितों को मिल रही धमकियों पर फारूक का हमला, LG की चुप्पी पर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। कश्मीरी पंडितों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला का बयान सामने आया है। उन्होंने राज्य के LG मनोज सिन्हा के नेतृत्व वाले प्रशासन को घेरने का काम किया है। उन्होंने मिली धमकियों के पीछे साजिश की आशंका जताई है। साथ ही आरोप लगाया कि इसका मकसद जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने से रोकना है। उन्होंने सवाल किया कि लेफ्टिनेंट गवर्नर (LG) इस मामले में कोई जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं?
यह भी पढ़े -देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही, राहुल गांधी को सिर्फ नकारात्मकता दिखाई देती है आरपी सिंह
धमकियों पर अब्दुल्ला की प्रतिक्रिया
फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, "ये कौन उन्हें धमकी दे रहा है? यहां कश्मीरी पंडित ही सिर्फ नहीं रह रहे हैं, यहां पर सब अधिकारी हिंदू हैं जो बाहर से हैं। आपके पुलिस के DG, SP सब हिंदू हैं तो इन्हें क्यों धमकी नहीं मिल रही?"
उन्होंने आगे सवाल करते हुए कहा, "सवाल ये है कि अगर हिंदू को धमकी मिल रही है तो उन्हें क्यों नहीं मिल रही? ये एक साजिश है और मैं ईमानदारी से कहता हूं कि ये साजिश सिर्फ इस रियासत को स्टेटहुड से बाहर रखने की कोशिश की जा रही है और डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। सारी दुनिया में ये घूम रहे हैं और कह रहे हैं कि अमन आ गया है। ये कहते हैं कि हमने आतंकवाद को खत्म कर दिया है तो फिर ये सारी चीजें कहां से हो रही हैं, जवाब देना चाहिए।"
यह भी पढ़े -जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच ने शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति मामले में 5 लोगों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
LG से मांगा जवाब
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने मिली धमकियों का LG से जवाब मांगा है और कहा, "जिस लेफ्टिनेंट गवर्नर के पास सारी पुलिस है, वो इस बारे में जवाब क्यों नहीं देते हैं? मैं तो आरोप लगाता हूं कि यही लोग धमकी दे रहे हैं। यही धमकी मिलने के लिए जिम्मेदार हैं। अगर पूरा बॉर्डर कंट्रोल में है, तो ये हमलावर कहां से आ रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "वे भी हमारे भाई हैं। अगर उन पर ज़ुल्म हो रहा है, तो हमने बार-बार कहा है कि इस मामले पर ध्यान देना चाहिए। यूनाइटेड नेशंस इतना बड़ा संगठन है और उसकी ह्यूमन राइट्स विंग भी बहुत बड़ी है। उन्हें जाकर देखना चाहिए कि उनकी हालत क्या है, लेकिन वहां सब चुप हैं। कोई भी देश कोई एक्शन नहीं ले रहा है।"
Created On :   2 Sept 2026 11:04 PM IST












