कर्नाटक: मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर डिप्टी सीएम शिवकुमार ने लगाया विराम, कहा कांग्रेस के भीतर बढ़ सकती है कलह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों पर डिप्टी सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ऐसी सभी संभावनाओं से इनकार कर दिया है। हालांकि कहा ये जा रहा है कि सीएम सिद्धारमैया मंत्रिमंडल में फेरबदल के खुद इच्छुक हैं। लेकिन पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस फेरबदल में कांग्रेस के भीतर कलह पैदा होने की संभावना अधिक है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात को लेकर शिवकुमार ने कहा प्रदेश अध्यक्ष का राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलना स्वाभाविक है। इसमें कुछ खास नहीं है। यह मुलाकात पार्टी के मामलों को लेकर थी। कार्यालय उद्घाटन, ट्रस्ट और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। जबकि मंत्रिमंडल फेरबदल का मुद्दा विचाराधीन नहीं है। मंत्रिमंडल में कोई फेरबदल नहीं है, और इससे संबंधित कुछ भी नहीं है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी आज सुबह बेंगलुरु से दिल्ली के लिए रवाना हुए। समाज कल्याण मंत्री एच.सी. महादेवप्पा, मुख्यमंत्री के कानूनी सलाहकार और विधायक ए.एस. पोन्नन्ना और वरिष्ठ विधायक अशोक पट्टन उनके साथ राष्ट्रीय राजधानी गए। इससे पहले, बर्खास्त मंत्री के.एन. राजन्ना ने सीएम से उनके आवास पर मुलाकात की और लगभग 20 मिनट तक उनसे चर्चा की। आपको बता दें मतदाता फ्रॉड मामले पर राहुल गांधी के बयान पर विरोधाभासी टिप्पणियों के बाद राजन्ना को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया था।
आपको बता दें राजन्ना ने कांग्रेस को अपने गृह जिले तुमकुरु में पूरी तरह से हार का सामना करने की चेतावनी दी है, और उनके समर्थक कांग्रेस का झंडा लिए बिना ही कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद सीएम सिद्धारमैया पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार सीएम इसके बाद अपने पार्टी अध्यक्ष खड़गे से भी मुलाकात कर मंत्रिमंडल फेरबदल पर चर्चा कर सकते हैं।
Created On :   17 Nov 2025 3:57 PM IST












