प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड: मोदी ने आज पीएम पद पर 4078 दिन पूरे किए, इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड टूटा, नेहरू से 2048 दिन पीछे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4,078 दिनों तक पद पर रहने के साथ दूसरे सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले पीएम बन गए है। नरेंद्र मोदी भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे पीएम बन गए हैं। मोदी ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के 4077 दिनों (24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977) का रिकॉर्ड तोड़ा है। आपको बता दें पीएम मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद पर 4078 दिन पूरे कर लिए हैं।
सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम है। वो 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक यानी लगातार कुल 6126 दिन तक इस पद पर रहे। नेहरू के रिकॉर्ड से नरेंद्र मोदी 2048 दिन पीछे हैं। पीएम मोदी पहले ही तीन लगातार लोकसभा चुनाव (2014, 2019, 2024) जीतने के मामले में नेहरू की बराबरी कर चुके हैं। अगर वो 2029 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री बनते हैं तो लगातार प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
पीएम मोदी के रिकॉर्ड पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा, "मैं पीएम मोदी को बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर भारत का सशक्त तरीके से पक्ष रखा बल्कि कई ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आज पीएम मोदी के साथ एक और रिकार्ड जुड़ा है वह 4,078 दिनों तक सेवा करने वाले देश के दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। मुझे उम्मीद है कि वह इस रिकॉर्ड को तोड़ेंगे और 2029 में एक बार फिर सरकार बनाएंगे।
Created On :   25 July 2025 3:28 PM IST












