मध्य प्रदेश न्यूज: PM मोदी का 25 वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर MP में बड़ा आयोजन, प्रदेशभर में निकलेगी 'सेवा ज्योति कलश यात्रा'

PM मोदी का 25 वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर MP में बड़ा आयोजन, प्रदेशभर में निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में बुधवार, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकालेगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में बुधवार, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकालेगी। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर सुबह 9 बजे यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से देशवासियों को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिली है। इसी भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से इसमें सहभागी बनने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री का संबोधन भी सुनेंगे कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ भी निकाली जा रही है। ये यात्राएं वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक निकाली गई हैं, जिनका समापन बुधवार को वडनगर और वाराणसी में होगा।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुधवार को होने वाले संबोधन को सुनने और उनके विचारों एवं मार्गदर्शन को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।

भोपाल, बैतूल और इंदौर में जुटेंगे बड़े नेता

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके बैतूल में सहभागिता करेंगे। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य भिंड और राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल बड़वानी में कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट सहित अन्य वरिष्ठ नेता इंदौर में यात्रा में सहभागी होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक और जिला पदाधिकारी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

भाजपा ने कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत बनाने का आह्वान किया है।

Created On :   6 Oct 2026 8:15 PM IST

Tags

Next Story