उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: यूपी में चुनाव के लिए एक्टिव हुए ओवैसी, इस विधानसभा सीट से उम्मीदवार उतारने जा रही AIMIM

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इसे लेकर सियासी दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इस बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा ऐलान कर दिया है। उनकी पार्टी कानपुर विधानसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने जा रही है। ओवैसी ने कहा कि कानपुर की विधानसभा सीट से AIMIM अपने उम्मीदवार को चुनावी मैदान में उतारेगी। ओवैसी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं वादा करता हूं कि कानपुर में मजलिस का उम्मीदवार होगा। पिछली बार मैं कानपुर नहीं आ सका था, लेकिन इस बार मैं खुद चुनाव प्रचार के लिए आऊंगा।
कानपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार उतारेगी AIMIM
हैदराबाद से लोकसभा सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार (22 सितंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट शेयर किया। यह वीडियो ओवैसी के हाल ही में किए दौरे और जनसभा के संबोधन के दौरान का था। जिसमें उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से कहा कि वह कानपुर में AIMIM के उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए दो से तीन बार आएंगे।
उन्होंने कहा, 'मैं कानपुर में आपके इलाके में पैदल दौरा भी करूंगा, चाहे वो 10 मिनट का ही क्यों न हो। मैं गली-कूचों में जाऊंगा।’ उन्होंने कानपुर की जनता, बुढ़े-बुजुर्ग और महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा, ‘मैं आपके घर पर आकर दस्तक भी दूंगा। आपके घर में आकर भी बैठूंगा, क्योंकि वो आपके साथ-साथ मेरा भी घर है। मैं अपने घर नहीं जाऊंगा, तो क्या अकीयारों के घर पर जाऊंगा।'
यह भी पढ़े -केरल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का फेरबदल, जी. स्पार्जन कुमार बने नए ट्रांसपोर्ट कमिश्नर
ओवैसी ने लोगों से की ये अपील
इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने लोगों से अपनी पार्टी को मजबूत करने और समर्थन देने की भी अपील की। उन्होंने कहा, ‘मैं आपसे अपील कर रहा हूं कि मजलिस के अपने-अपने वोट का इस्तेमाल करिए और अपनी पार्टी को मजबूत करिए,’
कानपुर में जनसभा के दौरान AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'कानुपर में जिन मदरसों से अंग्रेजों के खिलाफ फतवे जारी हुए थे, आज योगी सरकार उन्हीं मदरसों को निशाना बना रही है।'
उन्होंने सीएम योगी पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ), आपके जो बुजुर्ग थे, वो अंग्रेजों के साथ छईंया-छईंया कर रहे थे और हम अपने सीनों को अंग्रेजों की गोलियों के साथ छलनी-छलनी कर रहे थे।'
Created On :   22 Sept 2026 5:23 PM IST










