महाराष्ट्र पहुंची जमुई घटना की आंच: संजय राउत ने सम्राट सरकार को लिया आड़े हाथ, बिहार सरकार को बताया 'गुंडाराज'

संजय राउत ने सम्राट सरकार को लिया आड़े हाथ, बिहार सरकार को बताया गुंडाराज
बिहार के जमुई में हुई छेड़छाड़ की घटना पर सियासत गरमा रही है। राज्य की सम्राट चौधरी सरकार को विपक्ष लगातार घेर रहा है। इस बीच अब इस मामले की आंच बिहार से होकर महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में पहुंच गई है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना पर सियासत गरमा रही है। राज्य की सम्राट चौधरी सरकार को विपक्ष लगातार घेर रहा है। इस बीच अब इस मामले की आंच बिहार से होकर महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में पहुंच गई है। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने जुमई घटना पर केंद्र की मोदी सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिहार की सम्राट चौधरी को भी निशाने पर लिया। संजय राउत ने कहा कि बिहार की सरकार बर्खास्त होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये गुंडों की सरकार है। सम्राट चौधरी को अमित शाह ने बनाया है। गुंडों के हाथ में सत्ता देना ये अमित शाह का नशा है। सत्ता में गुंडों की फौज खड़ी करना अमित शाह की हॉबी है। उन्होंने मंगलवार को मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि देखिए जाकर कि बिहार की परिस्थिति क्या है? लोग लालू यादव जी को आज भी बोलते हैं कि उनके राज में 'गुंडाराज' था। अभी तो 'महा गुंडाराज' चल रहा है।

जमुई घटना के आरोपियों का हुआ एनकाउंटर

मालूम हो कि, बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हैवानियत करने वाले दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एनकाउंटर के दौरान आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी और हरेराम का भी पैर टूट गया। जमुई कांड के 7 आरोपियों में से 5 आरोपी पकड़ लिये गये हैं। आज दो आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद पकड़ा है। कल 3 आरोपी पकड़े गये थे। बाकी दो की तलाश जारी है।

जमुई की घटना पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, "ये शर्मसार करने वाली घटना है। सरकार में बैठे लोग सरकार के बचाव में लगे हुए हैं। बिहार जेडीयू के अध्यक्ष छिटपुट घटना बताते हैं। इस तरह के बयान शर्मनाक है। जो भी दोषी हैं उन्हें फांसी की सजा मिलनी चाहिए।"

तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव ने कहा कि अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए लालू यादव और आरजेडी पर ये लोग टिप्पणी करते हैं। इनके पास कहने के लिए कुछ भी नहीं है। एक महीने की पेपर कटिंग आपको दिखा देंगे कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। अगर जुबान के पक्के हैं तो सम्राट चौधरी इस्तीफा दें।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के सीनियर नेता ललन सिंह ने भी जमुई छेड़छाड़ घटना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जमुई की घटना रोंगटे खड़े कर देने वाली थी। आज पुलिस प्रशासन ने ये साबित कर दिया है कि बिहार में अपराध करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। अपराधियों को उनके जगह पर पहुंचा दिया जाएगा। इस घटना पर राजनीति करने वाले 'राजनीतिक वीरों' से कहना चाहेंगे कि 2005 के पहले का बिहार याद कर लीजिए। सूर्यास्त के बाद घर से कोई बहू-बेटी नहीं निकलती थी। आज कानून का राज है।

Created On :   22 Sept 2026 4:24 PM IST

Tags

Next Story