Bihar News: 'वादे के मुताबिक तुरंत कुर्सी छोड़िए', जमुई मामले में रोहिणी आचार्य बिहार CM से मांग इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में नाबालिग दुर्व्यवहार का मामला तेजी से सियासी रूप ले रहा है। अब इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग उठने लगी है। इस केस के सामने आने के बाद रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री के पुराने बयान का जिक्र करके एनडीए सरकार पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़े -नालंदा से विकसित भारत के लिए ज्ञान सृजन का आह्वान, राज्यपाल बोले- परंपरा को आधुनिक विज्ञान से जोड़ना जरूरी
CM ने क्या दिया था बयान?
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले एक न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा था कि अगर मौजूदा समय में आपका कोई दुश्मन नहीं है, तो खाना खाकर रात 12 बजे के बाद बाहर घूमकर आइए। इस दौरान किसी ने आपको छू भी दिया, तो सुबह सम्राट चौधरी अपना इस्तीफा दे देगा। उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस और आरजेडी उन पर हमलावर हो गए हैं।
लालू प्रसाद यादव की बेटी ने क्या कहा?
इस मामले में अब लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने सीएम चौधरी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा, "सम्राट चौधरी को इस्तीफा दे देना चाहिए। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद कहा था कि अगर रात के 12 बजे अपने गांव में घूमते समय किसी ने भी महिला या लड़की को छू दिया, तो अगली सुबह अपना इस्तीफा दे देंगे। जमुई की बेहद शर्मनाक घटना के बाद, यदि वे अपने कहे पर कायम रहते, तो अब तक उनका इस्तीफा हो जाना चाहिए था।"
यह भी पढ़े -नाबालिग से दुर्व्यवहार के मामले में सियासत तेज, चिराग पासवान की पार्टी ने RJD पर लगाए गंभीर आरोप
सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
रोहिणी आचार्य ने सुरक्षा को लेकर कहा, "मंच पर खड़े होकर बड़े-बड़े और फिल्मी डायलॉग मारना बेहद आसान होता है, लेकिन जब जमीन पर सुरक्षा देने की बात आती है तो सारे दावों की हवा और हेकड़ी निकल जाती है। बहन-बेटियों के साथ जमुई जैसी घटनाएं और भी हो रही हैं सम्राट शासन में और गुंडे बेखौफ घूम रहे हैं बिहार में..."
उन्होंने आगे कहा, "जब खुद ही दावा किया था कि किसी ने छुआ भी तो अगली सुबह इस्तीफा दे दूंगा, तो अब अपनी उस बात पर कायम क्यों नहीं हैं? केवल भाषणबाजी और बातें बनाने से राज्य की बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं होंगी, वादे के मुताबिक तुरंत कुर्सी छोड़िए।"
Created On :   21 Sept 2026 11:14 PM IST











