West Bengal Politics: नंदीग्राम से बदले सियासी समीकरण! TMC-कांग्रेस गठबंधन पर कल्याण बनर्जी का बड़ा दावा, राहुल-ममता की बातचीत का भी किया जिक्र

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर तस्वीर तेजी से बदल रही है। टीएमसी की उम्मीदवार ने अपना नाम वापस लिया जिसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की बात कही है। इसके बाद टीएमसी और कांग्रेस के बीच साथ आने की चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन अभी काम कर रहा है और राहुल गांधी, ममता बनर्जी के संपर्क में हैं। नंदीग्राम सीट कांग्रेस के लिए छोड़े जाने की बात भी उन्होंने कही है।
मिलन प्रधान जेल में, नहीं कर पाएंगे चुनाव प्रचार
आपको बता दें कि, कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ पुराने मामलों में हत्या, हत्या की कोशिश, हिंसा और हथियार से जुड़े आरोप हैं। ये मामले 2007 के नंदीग्राम आंदोलन से जुड़े बताए गए हैं। नंदीग्राम में 6 अक्टूबर को वोटिंग होनी है और चुनाव प्रचार 4 अक्टूबर को खत्म होगा। ऐसे में 3 अक्टूबर तक जेल में रहने के कारण मिलन प्रधान के लिए खुद प्रचार करना मुश्किल होगा।
अधीर रंजन को लेकर कल्याण बनर्जी ने क्या कहा?
कल्याण बनर्जी ने कांग्रेस के साथ तालमेल में आ रही परेशानी के लिए अधीर रंजन चौधरी को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा है कि अधीर रंजन की परेशानी ममता बनर्जी से है। उनके मुताबिक, कांग्रेस के कुछ नेताओं की वजह से दोनों दलों के बीच तालमेल में दिक्कत आती है। उन्होंने राहुल गांधी और ममता बनर्जी के संपर्क में होने की बात भी कही। अब इस पूरे मामले में पश्चिम बंगाल कांग्रेस को फैसला लेना है।
Created On :   21 Sept 2026 11:42 AM IST














