Bihar News: 'बरसाती पानी से खेत की सिंचाई नहीं हो सकती', DUSU चुनाव में NSUI की हार पर प्रशांत किशोर का बयान

डिजिटल डेस्क, पटना। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के नतीजे आ गए हैं। इसके बाद से सियासत गरमाई हुई है। इस मामले में जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनसे मीडिया ने बेगूसराय में इस चुनाव को लेकर कई सवाल किए, इनमें NSUI की हार का सवाल भी शामिल है। इस पर उनका कहना है कि छात्रों में चाहे जितना गुस्सा हो, लेकिन बरसाती पानी से कभी भी खेत में सिंचाई नहीं हो सकती है।
NSUI की हार पर क्या बोले?
प्रशांत किशोर से रविवार को मीडिया ने पूछा कि DUSU चुनाव में NSUI का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो गया है। इस पर उनका कहना है, "यह दिखाता है कि छात्रों में चाहे जितना भी गुस्सा हो… जैसे मैं अक्सर कहता हूं कि बरसाती पानी से सिंचाई नहीं हो सकती है… इसके लिए आपको कैनल बनाने पड़ेंगे। समाज में बहुत गुस्सा है तो इसका मतलब यह नहीं कि विपक्ष के लोग जीतेंगे... उस गुस्से को आपको सकारात्मक तरीके से कहीं न कहीं चैनलाइज करना पड़ेगा, तभी आपको चुनाव में परिवर्तन दिखेगा।"
CJP के अभियान को लेकर किया सवाल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पूरे देश में स्कूल ठीक करो अभियान चला रही है। इसको लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "भाई, स्कूल को तो शिक्षक ठीक करेंगे। सरकार ही ठीक करेगी। कोई पार्टी कैसे ठीक कर सकती है?"
यह भी पढ़े -सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को कहा 'बेचारा' तो जन सुराज ने किया पलटवार, सीएम पर लगाया यह बड़ा आरोप!
बिहार शराबबंदी कानून पर क्या कहा?
बिहार में शराबबंदी का कानून लागू है। इस पर उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी अच्छे की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने सीएम को लेकर कहा कि जो खुद 7वीं पास नहीं हो पाए और अपराधी हैं। किसी प्रकार कुर्सी तक पहुंच गए हैं। उनसे किसी बेहतर की उम्मीद कैसी की जा सकती है। साथ ही कहा कि दोष सम्राट चौधरी का नहीं है, हमारा और हम सबका है।
Created On :   20 Sept 2026 10:03 PM IST












