राहुल गांधी की मिमिक्री पर सियासी बयानबाजी, राजनीति में कहां है ह्यूमर की जगह ?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सांसद व लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में हुई मिमिक्री को लेकर सियासत तेज हो गई है। पक्ष-विपक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप लगा रहे है।
भाजपा नेता केया घोष ने राहुल गांधी के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री पर कहा वीडियो में साफ दिखा है कि वो मोदी का कटाक्ष कर रहे हैं। इतनी घटिया सोच कांग्रेस और राहुल गांधी के अलावा किसी के दिमाग में नहीं आ सकती है। हमारे बंगाल में ही चुनाव अभियान के दौरान जब प्रधानमंत्री ने कुर्सी देने की बात कही थी, उसी घटना को लेकर ये मिमिक्री किया जा रहा था। ये मिमिक्री है? इस दौरान घोष ने इशारों ही इशारों में राहुल गांधी को जोकर बताया। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा ये लोकतंत्र है और लोकतंत्र में अलग-अलग विचार वाले लोग हैं। इस लोकतंत्र में किसको कौन रोक सकता है। जिसकी जो इच्छा होती है, उसके अनुसार काम करता है।
यह भी पढ़े -'हर महीने किराए की चिंता, बेघर होने का डर', छात्राओं की परेशानी पर राहुल गांधी का PM मोदी से बड़ा सवाल
कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने राहुल गांधी के कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' में हुई मिमिक्री पर बीजेपी नेताओं के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "सार्वजनिक वार्तालाप में गाली गलौच की हद तक उतर जाना, यह स्वीकार्य नहीं है लेकिन उसके अलावा अगर आप सामान्य रूप से किसी की आलोचना कर रहे हैं, हंसी मजाक के तौर पर भी हो या आप इसको मिमिक्री कह लीजिए, तो उसमें कोई आपत्ति किसी को नहीं होनी चाहिए
TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में कोई अपमान नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो बोला है उसी को दोहराया गया है, यह किसी का अपमान नहीं है। राजनीति में एक ह्यूमर की जगह होना चाहिए।
महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मिमिक्री को लेकर कहा राहुल गांधी को पार्टी को छोड़कर स्टैंड-अप कॉमेडियन बनना चाहिए क्योंकि उनकी पार्टी को तो उन्होंने बेरोजगार कर दिया है। अब कम से कम स्टैंड-अप कॉमेडियन का रोजगार उन्हें मिले।
AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि भाजपा के साथ भी वैसा ही बर्ताव होना चाहिए जैसा उसने दूसरों के साथ किया है। आज भाजपा के नेता विरोध कर रहे हैं लेकिन ये वही नेता हैं जिन्होंने अरविंद केजरीवाल का मजाक उड़ाया और राहुल गांधी व उनके परिवार के बारे में अपमानजनक बातें कहीं। अब वो पार्टी लिहाज की बात कर रही है
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने सत्तापक्ष पर पलटवार करते हुए कहा जब से छात्रों की गूंज शुरू हुई है, उनका मानसिक संतुलन गड़बड़ा गया है क्योंकि उन्हें लग रहा है कि Gen-Z अब उनका तख्ता पलट करने को पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा छात्रों की गूंज कार्यक्रम में किसी ने भी प्रधानमंत्री की मां को गलत नहीं कहा है या किसी ने उनकी मिमिक्री भी नहीं की है। प्रधानमंत्री की मां तो सभी की मां हैं, जिस दिन प्रधानमंत्री ने अपने आप को Non-biological कह दिया, उसी दिन प्रधानमंत्री ने अपनी मां का अपमान कर दिया तो ये व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के लोग अब किस अपमान की बात कर रहे हैं?
Created On :   20 Sept 2026 5:52 PM IST










