छात्रों की गूंज: 'यह पीढ़ी अपनी आवाज और नेतृत्व तलाश रही', स्टूडेंट के अभियान पर शशि थरूर ने कही बड़ी बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों को लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम कर रहे हैं। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस अभियान को लेकर कहा कि युवाओं और छात्रों के बीच काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। साथ ही कहा कि इस प्रकार का जोश किसी भी देश को आगे बढ़ाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि ऐसा उत्साह दिखाई दे रहा है, जो देश को आगे ले जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि यह ऐसी पीढ़ी है, जो अपनी आवाज को बुलंद करने के साथ अपना नेतृत्व भी ढूंढ रही है।
युवाओं की भूमिका पर दी प्रतिक्रिया
शशि थरूर का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार अलग-अलग राज्यों में छात्रों और युवाओं को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिए युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी छात्रों से संवाद करते हैं और पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं। कांग्रेस सांसद ने इससे पहले कहा था कि राजनीतिक पार्टियों को युवाओं की आवाज को सुनना चाहिए। उन्होंने बताया था कि युवाओं को सिर्फ कार्यक्रमों और रैलियों में भीड़ के तौर पर नहीं देखना चाहिए, बल्कि उन्हें सियासत में अपनी भूमिका निभाने का मौका देना चाहिए।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' पर भाजपा का हमला, रितेश तिवारी बोले-'मां का अपमान कर कोई महान नहीं बनता'
शुरुआत के कार्यक्रमों पर क्या रही थी राय?
कांग्रेस सांसद ने अगस्त में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर टिप्पणी की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि इसको छात्रों से वैसा समर्थन नहीं मिला था, जैसा उस समय हुए दूसरे छात्र प्रदर्शनों को मिला था। उस दौरान उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था कि क्या स्थापित राजनीतिक पार्टियां युवाओं और खासकर Gen-Z की सोच एवं उनके मुद्दों को अच्छे से नहीं समझ पा रही हैं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि उनके इस बयान को कांग्रेस या पार्टी नेतृत्व के खिलाफ हमले के रूप में पेश किया गया है।
Created On :   20 Sept 2026 11:03 PM IST











