Bihar Politics: MLC चुनाव में जन सुराज की एंट्री से सियासी हलचल, नौकरी के वादे पर BJP-JDU-RJD ने घेरा

MLC चुनाव में जन सुराज की एंट्री से सियासी हलचल, नौकरी के वादे पर BJP-JDU-RJD ने घेरा
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर आगामी चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इसके लिए सूबे के सियासी दलों ने कमर कस ली है। इस सिलसिले में जन सुराज पार्टी ने रविवार को 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर आगामी चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इसके लिए सूबे के सियासी दलों ने कमर कस ली है। इस सिलसिले में जन सुराज पार्टी ने रविवार को 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जनसुराज पार्टी के चीफ प्रशांत किशोर ने कहा कि जिन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जन सुराज के उम्मीदवार जीतेंगे, वहां 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की पहल की जाएगी। इसे लेकर BJP-JDU और RJD ने तीखा हमला बोला है।

जनसुराज पर जेडीयू-बीजेपी-आरजेडी का हमला

बता दें, जन सुराज पार्टी ने सारण शिक्षण सीट से आफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक से सुरेंद्र प्रसाद राय, दरभंगा स्नातक से रविंद्र कुमार यादव और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है।

प्रशांत किशोर ने अपने रोजगार के वादे को विधान परिषद के चुनावी क्षेत्रों से भी जोड़ दिया। इससे पहले बांकीपुर में उन्होंने 10 हजार पढ़े-लिखे युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की योजना की बात कही थी। अब उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत मिलने पर इसी तरह की पहल वहां भी की जाएगी।

बीजेपी ने पीके के दावे पर उठाए सवाल

बीजेपी प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने प्रशांत किशोर के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता अपने विधायक को लेकर परेशान है और रोजगार का दावा जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि विधान परिषद के मतदाता शिक्षित और जागरूक हैं और केवल रोजगार के वादे से उन्हें प्रभावित नहीं किया जा सकता।

आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने रोजगार के वादे को लेकर प्रशांत किशोर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में नौकरी के मुद्दे पर तेजस्वी यादव के कार्यकाल का रिकॉर्ड युवाओं के सामने है और अब इस तरह का वादा प्रभावी नहीं होगा।

इसके अलावा जेडीयू प्रवक्ता चंदन सिंह ने भी प्रशांत किशोर के दावे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव के मतदाता प्रबुद्ध हैं और वे ऐसे दावों को स्वीकार नहीं करेंगे। इस तरह जन सुराज के उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही रोजगार के मुद्दे पर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

Created On :   20 Sept 2026 8:57 PM IST

Tags

Next Story