UP Politics: पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी से क्यों नहीं मिल रहे सीएम? सपा चीफ ने उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पहलगाम आतंकी हमले को 22 अप्रैल को पूरे एक साल हो गए हैं। इस घटना में यूपी के कानपुर के रहने वाले शुभम द्विवेदी की हमले में जान चली गई थी। उनकी पत्नी ऐशान्या ने एक वीडियों जारी कर उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगा था। उनकी मुलाकात न होने पर सपा पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने योगी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा अभी तक स्व. शुभम द्विवेदी को शहीद का दर्जा नहीं मिला है और न ही उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी मिल पाई है। क्या यही है भाजपा का महिला सम्मान।
अखिलेश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा मैं सरकार से मांग करता हूं कि उनकी बातों को गंभीरता से विचार करें। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल हुए आतंकी हमले में मारे गए कानपुर के व्यापारी स्व। शुभम द्विवेदी की पत्नी ने इस बात पर सार्वजनिक तौर पर दुख प्रकट किया है कि वो उप्र के मुख्यमंत्री से कई महीनों से मिलने की लगातार कोशिश कर रही हैं परंतु उनकी तरफ़ से कोई जवाब नहीं आ रहा है। क्या यही है भाजपा का महिला सम्मान का असली सच? ये घोर निंदनीय है कि अपने राज्य की एक पीड़ित बेटी का दर्द सुनने का समय मुख्यमंत्री जी के पास नहीं है लेकिन दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार करने का समय है।”
उन्होंने आगे लिखा, “भाजपा के घोर समर्थक तक मुख्यमंत्री जी के इस निर्दयी व्यवहार पर बेहद शर्मिंदा होंगे, खासतौर से एक औरत होने के नाते भाजपा की महिला सदस्यों को मुख्यमंत्री जी का ये रूखा व्यवहार बहुत खल रहा होगा। जिसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूटा हो और ऊपर से वो उपेक्षा का शिकार भी तो निराश-हताश होकर और टूट जाता है. ये हालात कभी किसी की ज़िंदगी में न आएं। इस उपेक्षा के पीछे अगर और कोई वजह हो तो वो स्पष्ट की जाए।”
Created On :   27 April 2026 12:04 AM IST












