दुष्कर्म केस में आरोपी विधायक फरार: पंजाब पुलिस ने सनौर विधानसभा सीट से आप विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब पुलिस ने दुष्कर्म के केस में आरोपी और फरार चल रहे सनौर विधानसभा सीट से आप विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया। माजरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक आप विधायक की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। ना ही कोई सुराग मिला है। पुलिस ने अब सरकारी आवास समेत विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस के पोस्टर चस्पा किए हैं। पुलिस को आरोपी विधायक के देश से बाहर भागने की आशंका है। पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र समेत कई सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए हैं।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत अब आरोपी विधायक के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं। ताकि विधायक दिखने पर जनता पुलिस को सूचित कर सके। पुलिस आरोपी विधायक को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया में भी आगे बढ़ रही है। विधायक FIR के बाद से फरार चल रहा हैं। आप विधायक के फरार होने पर विपक्ष सरकार को घेर रहा है।
इससे पहले सितंबर में विधायक माजरा ने एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया था कि वे खुद को एक फर्जी मुठभेड़ से बचाने के लिए भागे हैं, साथ ही माजरा ने इस दौरान उन आरोपों से इनकार किया था कि एक दिन पहले गिरफ्तारी के दौरान हरियाणा में पुलिस पर फायरिंग की थी। माजरा को आशंका थी कि पुलिस उनका एनकाउंटर कर सकती है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पुलिस दिल्ली के नेताओं के निर्देशों पर काम कर रही है।
करनाल जिले के डाबरी गांव में जीरकपुर की एक महिला ने पठान माजरा पर दुष्कर्म , फ्रॉड ,धमकी और अश्लील सामग्री भेजने का आरोप लगाते हुए एफआईआर की है। महिला ने आरोप लगाया कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और शादीशुदा होते हुए भी 2021 में उससे शादी की, हालांकि विधायक ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज किया था।
Created On :   6 Nov 2025 1:52 PM IST












