दिल्ली आंदोलन न्यूज: 'पुलिस हड्डियां तोड़ सकती है, सत्याग्रह नहीं', राहुल गांधी ने सुनी छात्रों की आपबीती, केरल होम मिनिस्टर को किया फोन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में लगातार घमासान जारी है। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बयान दिया है, जिसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस छात्रों पर हो रहे हमलों के मामले में FIR लिखने से मना कर रही है। उन्होंने बताया कि केरल की अथिरा और राजस्थान की रितु समेत कई अन्य युवतियों को पुलिस ने पीटा है।
यह भी पढ़े -उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ सड़कों पर पूर्व सैनिकों का मार्च, NSA अजित डोभाल के खिलाफ की थी विवादित टिप्पणी
केरल में 'जीरो FIR' दर्ज
राहुल गांधी ने इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उनका कहना है, "मैंने केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और राजस्थान PCC अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बात की है। केरल में एक 'जीरो FIR' दर्ज कर ली गई है। हम जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केरल, राजस्थान और अदालतों में हर कानूनी रास्ता अपनाएंगे। दिल्ली पुलिस की इस बर्बरता को यूं ही नहीं जाने दिया जाएगा।"
'पुलिस की खाईं लाठियां'
कांग्रेस नेता ने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया, "1930 में, धरासना में सरोजिनी नायडू के नेतृत्व में निहत्थे सत्याग्रहियों ने पुलिस की लाठियां खाईं। उनमें से किसी ने भी हाथ नहीं उठाया। पूरी दुनिया ने यह देखा।"
यह भी पढ़े -अमेरिकी विदेश मंत्री के भारत दौरे की चर्चा के बीच राहुल का तंज, कांग्रेस ने विदेश मंत्रालय को घेरा
उन्होंने आगे कहा, "पुलिस हड्डियां तो तोड़ सकती है, लेकिन सत्याग्रह को नहीं तोड़ सकती। भारत के युवा, खासकर युवतियां, निडर हैं, दृढ़ हैं और एकजुट हैं। वे हमारे लोकतंत्र के लिए खड़े हैं और मैं उनके साथ खड़ा हूं।"
केरल के गृह मंत्री को लगाया फोन
राहुल गांधी ने इस पोस्ट में एक वीडियो साझा किया है। इसमें वह एक छात्रा के साथ बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। छात्रा पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए आपबीती सुना रही है। छात्रा के मुताबिक, एक महिला पुलिसकर्मी ने उनसे कहा था कि अगर उन्हें फोन नहीं दिया गया, तो उन्हें मार दिया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस नेता केरल के गृह मंत्री को फोन लगाते हैं और छात्रा की ओर से एक FIR दर्ज कराने के लिए कहते हैं।
वीडियो में आगे राहुल गांधी दूसरे बच्चों से भी चर्चा करते हुए नजर आते हैं। इनमें वे बच्चे शामिल हैं, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने प्रताड़ित किया है।
Created On :   16 Oct 2026 7:01 PM IST













