मध्य प्रदेश न्यूज: 13% होल्ड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दो, ओबीसी आरक्षण पर दामोदर यादव का सरकार को अल्टीमेटम

13% होल्ड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दो, ओबीसी आरक्षण पर दामोदर यादव का सरकार को अल्टीमेटम
मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के नेता दामोदर यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने रेडक्रॉस चौराहे से मंत्री कृष्णा गौर के आवास तक पैदल मार्च किया और उनके घर का घेराव करने की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को मंत्री के आवास से पहले ही रोक दिया।

13% होल्ड अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग

आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने मांग की कि मध्य प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग के 13 प्रतिशत होल्ड अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति दे। उनका कहना है कि लंबे समय से नियुक्तियों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के मामले में सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।

'BJP-कांग्रेस कर रही गुमराह'

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा और कांग्रेस पर ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर पिछड़ा वर्ग को गुमराह करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने ओबीसी आरक्षण देने की पहल की थी, लेकिन सरकार गिरने के बाद यह मुद्दा आगे नहीं बढ़ पाया।

CM आवास घेराव की चेतावनी

आजाद समाज पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार ओबीसी आरक्षण लागू करने की दिशा में ठोस पहल नहीं करती है, तो 1 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। पार्टी की मांग है कि सरकार ओबीसी आरक्षण के संबंध में अध्यादेश लाए और जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण देने की दिशा में कदम उठाए।

पार्टी नेताओं ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।

Created On :   16 Oct 2026 3:35 PM IST

Tags

Next Story