Punjab News: लुधियाना में पुलिस मुठभेड़, डोनी बल गैंग के दो गुर्गे ढेर, बड़ी वारदात होने से पहले नाकाम हुई साजिश

लुधियाना में पुलिस मुठभेड़, डोनी बल गैंग के दो गुर्गे ढेर, बड़ी वारदात होने से पहले नाकाम हुई साजिश
पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को लुधियाना में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को लुधियाना में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई। आतम पार्क इलाके के पास हुई इस कार्रवाई में डोनी बल गैंग से जुड़े दो बदमाश मारे गए। पुलिस का दावा है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि मारे गए आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी करनजोत सिंह उर्फ नोनो और संदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से तीन ऑटोमैटिक पिस्तौल और करीब 50 कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस को मिली थी हमले की सूचना

पुलिस के मुताबिक, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश लुधियाना में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद पंजाब एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस की टीम ने आतम पार्क के पास अंडरब्रिज क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी।

इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों वहां से भागने लगे।

पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने के दौरान दोनों बदमाशों ने टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उन्होंने कई राउंड फायर किए। इस दौरान दो गोलियां पुलिस के सरकारी वाहन में भी लगीं।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रक्तदान शिविर में गोलीबारी की थी योजना

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपी गैंगस्टर डोनी बल और शगनप्रीत सिंह के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, दोनों को रविवार को दुगरी रोड स्थित मैरीलैंड पैलेस में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान सामूहिक गोलीबारी करने का काम सौंपा गया था। पुलिस की कार्रवाई से यह वारदात होने से पहले ही टल गई।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस आयुक्त के अनुसार, करनजोत सिंह उर्फ नोनो पहले से पुलिस के रिकॉर्ड में था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े दो मामले दर्ज थे। वहीं संदीप सिंह के खिलाफ भी एक आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

मुठभेड़ के संबंध में लुधियाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 221, 132, 62 और 111 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Created On :   14 Sept 2026 12:59 AM IST

Tags

Next Story