Delhi News: दिल्ली में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा? कांग्रेस ने सरकार की तैयारियों पर कसा तंज

दिल्ली में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा? कांग्रेस ने सरकार की तैयारियों पर कसा तंज
दिल्ली सरकार पर कांग्रेस ने बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियां बढ़ने के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने इससे निपटने के लिए क्या तैयारियां की हैं?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार पर कांग्रेस ने बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियां बढ़ने के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने इससे निपटने के लिए क्या तैयारियां की हैं? दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दावा करते हुए कहा कि राजधानी के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लेकिन बीमारियों की रोकथाम और कंट्रोल करने के लिए सरकार की तरफ से प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

जलभराव और गंदगी की स्थिति

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि हर साल बारिश के समय दिल्लीवासियों को जलभराव, गंदगी, मच्छरों और मौसमी बीमारियों की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आगे बताया कि समय रहते व्यापक तैयारियां नहीं की गई हैं, इसका असर अब नागरिकों की सेहत पर नजर आ रहा है। साथ ही कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और आम लोगों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप

देवेंद्र यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि नालों की सफाई, जलभराव रोकने, नियमित फॉगिंग और प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं कराने की तैयारियां कमजोर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के सीजन में मच्छरों के बढ़ते प्रजनन और गंदगी जैसी समस्याओं पर पहले ही काम करने की जरूरत थी। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया।

बैठकों और दावों तक सीमित

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव का कहना है कि सरकार सिर्फ बैठकों और दावों तक ही सीमित रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को उन इलाकों में तुरंत काम शुरू करने की जरूरत है, जहां पर बीमारी और जलभराव की समस्या सबसे ज्यादा बनी हुई है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि तैयारियों में कमी और लापरवाही का खामियाजा दिल्ली की जनता को उठाना पड़ रहा है।

Created On :   14 Sept 2026 1:23 AM IST

Tags

Next Story