RCB vs MI Preview 2026: रायपुर में आज बेंगलुरु और एमआई के बीच दिलचस्प भिडंत, दोनों टीमों पर जीत का दबाव, जानें प्लेइंग 11 से लेकर पिच रिपोर्ट तक सब कुछ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में आज का मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। प्लेऑफ की रेस अब बहुत ही ज्यादा रोमांचक हो चुकी है, ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच बहुत अहम माना जा रहा है।
हार के बाद दबाव में बेंगलुरु
बेंगलुरु की टीम को पिछले मुकाबले में लखनऊ से हार मिली थी, जिससे टीम की लय थोड़ी बिगड़ी है। हालांकि टीम अभी मार्क्स बोर्ड में चौथे स्थान पर बनी हुई है, लेकिन लगातार बढ़ती टक्कर ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। अब हर मुकाबला जीतना जरूरी हो गया है, क्योंकि एक हार भी प्लेऑफ का गणित बिगाड़ सकती है।
यह भी पढ़े -जोफ्र आर्चर के खराब प्रदर्शन पर जायसवाल बोले अब तक उनका फॉर्म शानदार रहा , जल्द ही वापसी करेंगे
मुंबई के लिए भी कड़ा मैच
दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं माना जा रहा। टीम का प्रदर्शन इस सीजन में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है और अब उनके पास गलती की ज्यादा गुंजाइश नहीं बची है। ऐसे में मुंबई पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतर सकती है और दूसरी टीमों का खेल बिगाड़ने की कोशिश करेगी।
क्या है दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड?
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें मुंबई ने 19 मैचों में अपनी जीत दर्ज की है। वहीं, बेंगलुरु को 16 मुकाबलों में जीत मिली है। रिकॉर्ड के हिसाब से मुंबई थोड़ी आगे नजर आती है।
पिच और मौसम का हाल
रायपुर की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है, लेकिन यहां शुरुआत में गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिल सकती है। दूसरी पारी में ओस का असर बढ़ने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाजी आसान हो सकती है। मौसम की बात करें तो दिन में गर्मी रहेगी और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, लेकिन मैच शुरू होने तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
क्या है दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड शामिल हैं।
वहीं, मुंबई इंडियंस में रयान रिकेल्टन(विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पंड्या/ रदरफोर्ड, विल जैक, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर शामिल हैं।
Created On :   10 May 2026 6:17 PM IST













