Ostrava Golden Spike Tournament: नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर किया भारत का नाम रोशन, ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में जीता गोल्ड मेडल

- नीरज चोपड़ा का शानदार प्रदर्शन जारी
- पेरिस डायमंड लीग के बाद ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक ने जीता गोल्ड
- तीसरे राउंड में फेंका 85.29 मीटर का थ्रो
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने चेक गणराज्य में आयोजित ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। भारत के इस जैवलिन स्टार ने टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में 85.29 मीटर का थ्रो किया। उनके इस थ्रो को कोई और एथलीट पार नहीं कर सका।
दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका के डोव स्मिट रहे जिन्होंने दूसरे राउंड में 84.12 मीटर का थ्रो किया। वहीं तीसरे नंबर पर ग्रेनेडा के पीटर एंडरसन रहे, उन्होंने 83.63 मीटर भाला फेंका।
इससे पहले साल 2018 में नीरज ने IAAF कॉन्टिनेंटल कप में ओस्ट्रावा में भाग लिया था। इस दौरान वह छठे नंबर थे। उन्होंने 80.24 मीटर का थ्रो किया था। हालांकि, ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में, यह उनकी पहली उपस्थिति थी। नीरज ने फाउल थ्रो के साथ इवेंट का अंत किया था।
नीरज का लगातार दूसरा गोल्ड
यह नीरज का लगातार दूसरा गोल्ड है। इससे पहले उन्होंने पेरिस डायमंड लीग में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था। यह इस साल का उनका पांचवां टूर्नामेंट था, उन्होंने साल की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में एक इन्विटेशनल मीट से की थी, जहां 84.52 मीटर का थ्रो कर उन्होंने जीत हासिल की थी।
Created On :   25 Jun 2025 12:43 AM IST