Asian Games 2026: भारत का एक और मेडल हुआ पक्का, बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची मेंस कबड्डी टीम

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में भारत का एक और मेडल पक्का हो गया है। मेंस कबड्डी टीम ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। नियम के मुताबिक सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली टीम ब्रॉन्ज मेडल की हकदार हो जाती है। अब यहां से अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में हार भी जाती है तो उसे कम से कम ब्रॉन्ज मेडल तो मिलेगा ही।
यह भी पढ़े -एशियन गेम्स सॉफ्ट टेनिस में पहला पदक जीतने वाले जय मीणा को पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ, मांडविया और रिजिजू ने दी बधाई
बुधवार को टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में ग्रुप ए के मुकाबले में बांग्लादेश को 48-25 से हरा दिया। यह टूर्नामेंट में भारतीय टीम की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले अपने पहले मैच में मेजबान जापान को मात दी थी। फिर दूसरे मैच में साउथ कोरिया को 63-31 से हराया था।
मैच की बात करें तो भारत ने शुरुआत से ही शानदार खेल प्रदर्शन किया और बांग्लादेश पर प्रेशर बना कर रखा। टीम ने मजबूत रेडिंग और डिफेंस के दम पर पहले हाफ में ही बड़ी बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ियों ने सफल रेड के जरिए 18 अंक जुटाए और सात बोनस अंक भी हासिल किए। इसके अलावा, दो बार विरोधी टीम को ऑलआउट भी किया।
यह भी पढ़े -'इस मेडल की हमें उम्मीद थी, क्योंकि हमारी तैयारियां बहुत अच्छी चल रही थी', टीम ब्रॉन्ज जीतने पर बोलीं राइजा ढिल्लों
भारत के मेडल 11 हुए
एक गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज के साथ भारत के कुल मेडल 11 हो गए हैं। मेडल टैली में वह 10वें स्थान पर है। 38 गोल्ड समेत 62 मेडल के साथ चीन पहले स्थान पर है। वहीं, 11 गोल्ड समेत 51 मेडल के साथ मेजबान जापान दूसरे स्थान पर है।
Created On :   23 Sept 2026 3:59 PM IST













