MP News: देवास शराब कांड में 10 गिरफ्तार, दो वाइन शॉप मैनेजर भी शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में देवास जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर चंदाना और बिजाना गांवों में 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार शाम इस मामले में वाइन शॉप के दो मैनेजर सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शराब बेचने का मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल भी पकड़ा गया है, जो पिछले नौ दिनों से फरार था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, 10 मोबाइल फोन और 54 लीटर देसी शराब जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 7.25 लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े -इंदौर के प्रधान आरक्षक की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा, देवास से लेकर इंदौर तक लोकायुक्त ने की छापेमारी
आरोपियों के तार उत्तर प्रदेश तक
पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल के अलावा अजय राठौर, रामेश्वर सोनगरा, भाड़ा पिपल्या वाइन शॉप के मैनेजर नितिन सोलंकी, क्षिप्रा वाइन शॉप के मैनेजर चंद्रशेखर बैरागी, अरबिंदो इंदौर वाइन शॉप के सेल्समैन सत्येंद्र ओझा और क्षिप्रा वाइन शॉप के सेल्समैन राजदेव पटेल को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा जुगल सिंह, राजेंद्र निनामा और विशाल चौहान को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के तार इंदौर और उत्तर प्रदेश तक जुड़े होने की बात सामने आई है।
शराब किस दुकान से आई, अब भी स्पष्ट नहीं
वाइन शॉप के दो मैनेजर और सेल्समैन की गिरफ्तारी के बावजूद अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कथित तौर पर बेची गई शराब किस दुकान से आई थी। मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल गांव में शराब बेचता था। मामले में सामने आई डायरी में दर्ज हिसाब-किताब किन लोगों से जुड़ा है, यह भी अभी स्पष्ट नहीं किया गया है। ऐसे में शराब की आपूर्ति के स्रोत और पूरे नेटवर्क को लेकर सवाल बने हुए हैं।
उमंग सिंघार ने मांगा 25-25 लाख का मुआवजा
भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्य प्रदेश सरकार से सभी मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। इसके अलावा कांग्रेस मंगलवार को देवास कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करेगी।
Created On :  

